Virat Kohli One8: बेंगलुरु के चर्चित रेस्टोरेंट वन8 कम्यून (One8 Commune) पर आखिरकार ताला लग गया है। शहर के सिविल कोर्ट के आदेश के बाद इस प्रीमियम आउटलेट को बंद कर दिया गया। इस आउटलेट को बंद करने की वजह है किराया, मेंटेनेंस और अन्य भुगतान मिलाकर ₹2 करोड़ से ज्यादा का बकाया, जो लंबे समय से चुकाया नहीं गया था।
विराट कोहली से जुड़ा था रेस्टोरेंट
इस मामले ने इसलिए भी सुर्खियां बटोरीं क्योंकि इसका नाम भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली (Virat Kohli) से जुड़ा रहा है। हालांकि, ताजा जानकारी के अनुसार कोहली ने इस आउटलेट से खुद को पूरी तरह अलग कर लिया है। उन्होंने न सिर्फ अपनी साझेदारी खत्म की, बल्कि अपने ब्रांड ‘One8’ का नाम भी इस खास रेस्टोरेंट से हटा लिया है।
छह महीने से किराया नहीं देने का आरोप
रेस्टोरेंट का संचालन कर रही Trio Hills Hospitality पर आरोप है कि उसने करीब छह महीने से किराया नहीं चुकाया था। इसके साथ ही मेंटेनेंस चार्ज और रेवेन्यू शेयर भी बकाया थे। लगातार नोटिस भेजे जाने के बावजूद जब भुगतान नहीं हुआ, तो बिल्डिंग मालिक को मजबूरन अदालत का रुख करना पड़ा। कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद आउटलेट को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया।
विवादों से घिरा रहा है रेस्टुरेंट
दिलचस्प बात यह है कि यह रेस्टोरेंट पहले भी विवादों में रह चुका था। स्थानीय निकाय बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका ने फायर सेफ्टी और अन्य नियमों के उल्लंघन को लेकर कई बार नोटिस जारी किए थे। सूत्रों का मानना है कि लगातार बढ़ते विवाद और ब्रांड इमेज पर पड़ रहे असर के कारण ही विराट कोहली ने समय रहते खुद को इस प्रोजेक्ट से अलग कर लिया।
ग्राहकों की संख्या में गिरावट
ग्राहकों की नजर से देखें तो One8 Commune सिर्फ एक रेस्टोरेंट नहीं, बल्कि एक एक्सपीरियंस था, जहां लोग शानदार माहौल, म्यूजिक और इंटरनेशनल फूड का आनंद लेने आते थे। लेकिन बीते कुछ महीनों में ग्राहकों की संख्या में गिरावट और ब्रांड वैल्यू में कमी ने इस बिजनेस को कमजोर कर दिया। इसका सीधा असर रेवेन्यू पर पड़ा और स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण से बाहर हो गई।
विराट कोहली का ‘One8’ ब्रांड
One8 Commune दरअसल विराट कोहली के ‘One8’ ब्रांड का हिस्सा है, जो देश के कई बड़े शहरों में प्रीमियम डाइनिंग स्पेस के रूप में स्थापित है। दिल्ली, गुरुग्राम, पुणे, कोलकाता और हैदराबाद जैसे शहरों में इसके आउटलेट्स अभी भी संचालित हो रहे हैं और अच्छी खासी लोकप्रियता रखते हैं।
फिलहाल बेंगलुरु वाला यह आउटलेट कोर्ट के आदेश के तहत बंद है और तब तक बंद ही रहेगा, जब तक सभी बकाया भुगतान नहीं कर दिए जाते।