Falta By Election Result: पश्चिम बंगाल की चर्चित फालता विधानसभा सीट पर हुए पुनर्मतदान के बाद अब मतगणना ने राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है। आज सुबह 8 बजे से डायमंड हार्बर स्थित वुमेन यूनिवर्सिटी में वोटों की गिनती जारी है और शुरुआती रुझानों में बीजेपी ने बड़ी बढ़त बना ली है। छठे राउंड की काउंटिंग तक बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा 19,701 वोटों से आगे चल रहे हैं, जबकि टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।
अब तक मिले रुझानों के अनुसार CPI(M) के शंभू नाथ कुर्मी दूसरे स्थान पर बने हुए हैं, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुल रज्जाक मोल्ला तीसरे नंबर पर हैं। दूसरी ओर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान को अब तक केवल 1904 वोट मिले हैं। राजनीतिक जानकार इसे टीएमसी के लिए बड़ा झटका मान रहे हैं, क्योंकि फालता सीट को पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है।
Celebrations have already started in Falta. As per initial trends, BJP is ahead with 15k votes. pic.twitter.com/4vaZNeldCH
— Sudhanidhi Bandyopadhyay (@SudhanidhiB) May 24, 2026
कड़ी सुरक्षा के बीच चल रही मतगणना
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे मतगणना केंद्र पर केंद्रीय बलों की निगरानी रखी गई है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो। माना जा रहा है कि ईवीएम के सभी राउंड की गिनती पूरी होने के बाद दोपहर या शाम तक अंतिम परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
मंत्री दिलीप घोष का बड़ा बयान
इस बीच पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि फालता सीट का नतीजा पहले से तय माना जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी के कार्यकर्ता चुनावी मैदान छोड़ चुके हैं और अब केवल औपचारिक घोषणा बाकी है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।
इस वजह से रद्द हुआ था चुनाव
फालता विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान हुआ था, लेकिन ईवीएम से छेड़छाड़ और अनियमितताओं के आरोपों के बाद निर्वाचन आयोग ने चुनाव रद्द कर दिया था। इसके बाद 21 मई को सभी 285 बूथों पर दोबारा मतदान कराया गया। पुनर्मतदान में करीब 88.13 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई, जिसे लोकतंत्र के प्रति लोगों की जागरूकता माना जा रहा है।