Cockroach Janta Party: इंटरनेट पर तेजी से उभर रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। देश के युवाओं के बीच अचानक लोकप्रिय हुई इस डिजिटल राजनीतिक मुहिम की आधिकारिक वेबसाइट अब बंद कर दी गई है। इससे पहले पार्टी का एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट भारत में बैन किया जा चुका था। वहीं पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि उनका निजी इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक कर लिया गया। इन घटनाओं के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है और समर्थक इसे “डिजिटल सेंसरशिप” बता रहे हैं।
6 लाख लोगों ने की थी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि उनकी वेबसाइट ‘cockroachjantaparty.org’ को अचानक बंद कर दिया गया। उनका दावा है कि इस वेबसाइट के जरिए करीब 10 लाख युवाओं ने पार्टी से जुड़ने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। इतना ही नहीं, करीब 6 लाख लोगों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर उनका इस्तीफा मांगा था। इन लोगों का आरोप था कि नीट पेपर लीक मामले में सरकार और शिक्षा मंत्रालय पूरी तरह विफल रहे हैं।
सरकार युवाओं की आवाज से डर गई- दीपके
दीपके ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार युवाओं की आवाज से डर गई है। उन्होंने लिखा, “सरकार इतनी डरी हुई क्यों है? यह तानाशाही रवैया युवाओं की आंखें खोल रहा है। हम नया प्लेटफॉर्म बनाएंगे, क्योंकि कॉकरोच कभी मरते नहीं हैं।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स की बारिश
दिलचस्प बात यह है कि शनिवार तक इंस्टाग्राम पर सीजेपी के फॉलोअर्स की संख्या 2.2 करोड़ से अधिक पहुंच गई थी। यह आंकड़ा कई बड़ी राजनीतिक पार्टियों के सोशल मीडिया फॉलोअर्स से भी ज्यादा बताया जा रहा है। तुलना करें तो बीजेपी के इंस्टाग्राम पर करीब 92 लाख और कांग्रेस के करीब 1 करोड़ 34 लाख फॉलोअर्स हैं।
अभिजीत दीपके के घर के बाहर पुलिस तैनात
इस पूरे विवाद के बीच महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में अभिजीत दीपके के घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह कदम सुरक्षा के लिहाज से उठाया गया है, क्योंकि लोग उनके घर और संगठन को लेकर काफी उत्सुकता दिखा रहे हैं। हालांकि दीपके फिलहाल अमेरिका में पढ़ाई कर रहे हैं।
इससे पहले दीपके ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने एक कथित धमकी भरे संदेश का स्क्रीनशॉट भी साझा किया था। वहीं दूसरी ओर, सीजेपी के सोशल मीडिया अकाउंट और वेबसाइट बंद होने के बाद समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। हालांकि दीपके ने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी विरोध प्रदर्शन से उनका कोई संबंध नहीं होगा और जल्दबाजी में उठाया गया कोई गलत कदम पूरे आंदोलन को नुकसान पहुंचा सकता है।