विषयसूची
ToggleTwisha Sharma: भोपाल की चर्चित त्विशा शर्मा डेथ केस में अब बड़ा मोड़ आ गया है। कोर्ट के आदेश के बाद आज रविवार को त्विशा शर्मा का दूसरी बार पोस्टमार्टम किया जा रहा है। इस बार पोस्टमार्टम के लिए दिल्ली AIIMS से चार वरिष्ठ डॉक्टरों की विशेष मेडिकल टीम भोपाल पहुंची है। परिवार को उम्मीद है कि इस बार उनकी बेटी की मौत की असली वजह सामने आएगी और उन्हें न्याय मिलेगा।
ट्विशा के पिता की जगी उम्मीद
रविवार सुबह त्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा भोपाल AIIMS पहुंचे। यहां उन्हें बॉडी रिकग्निशन प्रोटोकॉल के लिए बुलाया गया था। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अब दिल्ली AIIMS की टीम पर भरोसा है। उन्होंने मुख्यमंत्री और उन सभी लोगों का धन्यवाद किया जिन्होंने इस मामले को गंभीरता से लिया और सीबीआई जांच की सिफारिश की। उन्होंने कहा कि यह मामला पूरे समाज के लिए एक सबक बनेगा ताकि भविष्य में किसी बेटी के साथ ऐसा करने से पहले लोग कई बार सोचें।
पोस्टमार्टम के बाद हो सकता है अंतिम संस्कार
त्विशा शर्मा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने भी कहा कि पूरा परिवार इस दूसरे पोस्टमार्टम से बहुत उम्मीद लगाए बैठा है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद ही अंतिम संस्कार का फैसला लिया जाएगा। अभी यह साफ नहीं है कि मेडिकल जांच में कितना समय लगेगा। उन्होंने कहा कि परिवार सिर्फ यही चाहता है कि सब कुछ पारदर्शिता के साथ हो और ट्विशा को इंसाफ मिले।
त्विशा शर्मा की भाभी हुई भावुक
त्विशा शर्मा की भाभी डॉ. राशि ओबेरॉय शर्मा ने कहा कि परिवार को हाई कोर्ट द्वारा बनाई गई AIIMS की टीम पर पूरा भरोसा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि त्विशा शर्मा बहुत हिम्मती लड़की थी और वह परिवार के लिए बेटी जैसी थी। उन्होंने कहा कि भले ही त्विशा शर्मा अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन परिवार आखिरी दम तक उसके लिए न्याय की लड़ाई लड़ता रहेगा।
सुप्रीम कोर्ट ने खुद लिया संज्ञान
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भी खुद संज्ञान लिया है और सोमवार को इस पर सुनवाई होनी है। त्विशा शर्मा के चाचा लोकेश शर्मा ने कहा कि अब उन्हें देश की सर्वोच्च अदालत से उम्मीद है। उन्होंने कहा कि एक आम इंसान सिर्फ न्याय व्यवस्था पर भरोसा कर सकता है और उनका परिवार भी वही कर रहा है।
क्या है पूरा मामला ?
गौरतलब है कि 12 मई की रात त्विशा शर्मा की मौत भोपाल स्थित उसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। उसका शव फंदे से लटका मिला था। परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पति समर्थ सिंह करीब 10 दिनों तक फरार रहा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल अदालत ने उसे 7 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।