Kakoli Ghosh Dastidar: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमू ल कांग्रेस (TMC) के भीतर असंतोष लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। अब पार्टी की वरिष्ठ नेता और बारासात से सांसद काकोली घोष दस्तीदार का नाराजगी भरा कदम चर्चा में आ गया है। काकोली घोष ने पार्टी संगठन के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है, जिससे बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, काकोली घोष ने अपना इस्तीफा टीएमसी के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी को भेजा है। अपने पत्र में उन्होंने साफ तौर पर लिखा कि वह पार्टी संगठन में मौजूद सभी जिम्मेदारियों से खुद को अलग कर रही हैं। हालांकि उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता नहीं छोड़ी है और वह फिलहाल पार्टी की सांसद बनी रहेंगी।
जिलाध्यक्ष के पद से पहले दे चुकी है इस्तीफा
गौरतलब है कि इससे पहले भी काकोली घोष बारासात जिलाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे चुकी थीं। अब संगठन के बाकी सभी पदों को छोड़ने के फैसले को पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष से जोड़कर देखा जा रहा है। विधानसभा चुनाव में हार के बाद से ही टीएमसी के कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच नाराजगी की खबरें सामने आती रही हैं।
लंबे समय से टीएमसी का बड़ा चेहरा रही हैं काकोली
राजनीतिक गलियारों में इस इस्तीफे को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि काकोली घोष लंबे समय से टीएमसी का बड़ा चेहरा रही हैं। ऐसे समय में उनका संगठन से दूरी बनाना पार्टी नेतृत्व के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है।
हालांकि अभी तक काकोली घोष की ओर से इस्तीफे के पीछे की कोई बड़ी वजह सार्वजनिक नहीं की गई है। वहीं पार्टी नेतृत्व की तरफ से भी इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन बंगाल की राजनीति में यह चर्चा जरूर तेज हो गई है कि आने वाले दिनों में टीएमसी के भीतर और भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।