Rashtra Bharat Logo

Putin News: भारत आयेंगे रूस के राष्ट्रपति पुतिन, बोले डोभाल

Putin News: भारत आयेंगे रूस के राष्ट्रपति पुतिन, बोले डोभाल
मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मिले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल.
Updated:
·by
Rashtra Bharat Digital Team
Rashtra Bharat Digital Team
Share:

Putin News: राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने बृहस्पतिवार को ‘क्रेमलिन’ में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात कर दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की।

रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन की प्रेस सेवा की ओर से साझा की गई एक वीडियो क्लिप में डोभाल बातचीत से पहले पुतिन से हाथ मिलाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पुतिन ने क्रेमलिन में अपने कक्ष में डोभाल का गर्मजोशी से स्वागत किया।

सूत्रों के अनुसार, डोभाल ने बाहरी दबाव के बावजूद रूस के साथ सभी मोर्चों पर सहयोग जारी रखने की नयी दिल्ली की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने बताया कि डोभाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से राष्ट्रपति पुतिन को इस वर्ष के अंत में भारत आने का निमंत्रण दिया, जिसे पुतिन ने कृतज्ञतापूर्वक स्वीकार कर लिया है।

क्रेमलिन में हुई बैठक के दौरान, डोभाल के साथ भारतीय राजदूत विनय कुमार भी थे। बैठक में रूसी सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु भी शामिल हुए।

इससे पहले, डोभाल ने शोइगु के साथ बातचीत की। शोइगु ने कहा कि रूस एक अधिक न्यायसंगत और टिकाऊ विश्व व्यवस्था बनाने और अंतरराष्ट्रीय कानून की सर्वोच्चता सुनिश्चित करने के लिए भारत के साथ सक्रिय सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

डोभाल द्विपक्षीय ऊर्जा और रक्षा संबंधों पर महत्वपूर्ण वार्ता करने और इस वर्ष के अंत में राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा के मद्देनजर बुधवार को यहां पहुंचे थे।

डोभाल की यात्रा ऐसे समय में हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश जारी करके रूस से तेल खरीदने पर भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क लगाया है। इसके बाद कुल शुल्क 50 फीसदी हो गया है।