Quetta Blast: पाकिस्तान का क्वेटा शहर एक बार फिर बड़े आतंकी हमले से दहल उठा है। शहर के मन फाटक इलाके में हुए जोरदार धमाके ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। धमाका इतना भयानक था कि ट्रेन की एक बोगी के परखच्चे उड़ गए, कई डिब्बे पटरी से उतर गए और आसपास खड़े वाहनों में आग लग गई। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हमले में कम से कम 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया।
कई लोगों की हालत गंभीर
स्थानीय मीडिया के अनुसार यह विस्फोट क्वेटा स्थित फ्रंटियर कोर मुख्यालय के पास रेलवे ट्रैक पर हुआ। उस समय कैंट क्षेत्र से गुजर रही ट्रेन अचानक धमाके की चपेट में आ गई। चश्मदीदों के मुताबिक धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को क्वेटा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
हाल ही में पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने किया था क्वेटा का दौरा
इस हमले ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि हाल ही में पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने क्वेटा का दौरा किया था। उन्होंने बलूचिस्तान में तैनात अधिकारियों और जवानों के साथ बैठक कर सुरक्षा हालात की समीक्षा की थी। सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि बलूचिस्तान में उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
उग्रवादी संगठनों के 35 सदस्यों को उतारा तह मौत के घाट
दरअसल, बीते दिनों पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर बलूचिस्तान के कई इलाकों में बड़े अभियान चलाए थे। इन अभियानों में उग्रवादी संगठनों के 35 सदस्यों को मार गिराने और तीन वरिष्ठ कमांडरों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया था। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद के मुताबिक मंगला जरघून गार इलाके में चार दिनों तक चले ऑपरेशन में कई ठिकानों और शिविरों को नष्ट किया गया था।
अब माना जा रहा है कि क्वेटा में हुआ यह हमला उसी सैन्य अभियान का जवाब हो सकता है। हालांकि अभी तक किसी संगठन ने इस धमाके की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे आत्मघाती हमला मानकर जांच कर रही हैं। घटना के बाद पूरे क्वेटा में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सुरक्षा बल लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं।