Sand Smuggling: महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में आज रविवार की सुबह अवैध रेत तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। रालेगांव तहसील के वडकी थाना क्षेत्र के रेत घाट पर आईपीएस अधिकारी और पांढरकवडा के डीवाईएसपी राबीन बंसल के नेतृत्व में रविवार तड़के छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के दौरान रेत तस्करी में लगे 30 से ज्यादा टिप्पर जब्त किए गए हैं।
अहले सुबह छापेमारी करने पहुंची टीम
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस और प्रशासन की टीम आज रविवार की अहले सुबह रेत घाट पर छापेमारी करने पहुंची.छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में टिप्पर अवैध रूप से रेत ढोते पाए गए, जिसके बाद उन्हें जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और रेत तस्करों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
एसडीओ और तहसीलदार पर भी कार्रवाई
बताया जा रहा है कि इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। चर्चा है कि इस कार्रवाई के बाद रालेगांव के एसडीओ, तहसीलदार और वडकी थानेदार पर भी कार्रवाई की गाज गिर सकती है। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद प्रशासन और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है। वहीं, अवैध रेत तस्करी के खिलाफ हुई इस बड़ी कार्रवाई को इलाके में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।