जरूर पढ़ें

Election Date 2026: आज होगी पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा, 4 बजे चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस

Election Date 2026: आज होगी पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा
Election Date 2026: आज होगी पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा

असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज हो सकता है। चुनाव आयोग ने शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। घोषणा होते ही आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी।

Updated:

Election Date 2026: देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आज बड़ा ऐलान हो सकता है। चुनाव आयोग ने आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है, जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही इन राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसके बाद कोई भी राजनीतिक दल मतदाताओं को लुभाने के लिए नई घोषणाएं नहीं कर सकेगा।

पश्चिम बंगाल में विभिन्न चरणों में मतदान होने की संभावना

सूत्रों के मुताबिक इस बार ज्यादातर राज्यों में चुनाव एक ही चरण में कराए जा सकते हैं, जबकि पश्चिम बंगाल में सुरक्षा कारणों से मतदान कई चरणों में होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि बंगाल में तीन से चार चरणों में वोटिंग कराई जा सकती है। पिछली बार 2021 के विधानसभा चुनाव में यहां आठ चरणों में मतदान हुआ था। वहीं असम में पिछली बार तीन चरणों में वोटिंग हुई थी, जबकि तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में चुनाव संपन्न हुए थे।

संवेदनशील क्षेत्र है पश्चिम बंगाल

सुरक्षा के लिहाज से पश्चिम बंगाल को संवेदनशील माना जाता है। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए वहां करीब 480 बटालियन केंद्रीय सुरक्षा बल पहले ही भेजे जा चुके हैं। चुनाव आयोग ने यह भी साफ किया है कि केंद्रीय बलों की तैनाती का फैसला अब आयोग द्वारा नियुक्त पुलिस पर्यवेक्षक जिला अधिकारियों के साथ मिलकर करेंगे।

BJP-TMC के बीच टक्कर

राजनीतिक नजरिए से भी इन चुनावों को काफी अहम माना जा रहा है। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी लगातार चौथी बार सत्ता में लौटने की कोशिश में हैं, जबकि भाजपा इस बार पूरा जोर लगाकर सत्ता परिवर्तन का दावा कर रही है।

तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके चर्चा में

दक्षिण भारत में तमिलनाडु की राजनीति भी दिलचस्प मोड़ पर है। मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन दूसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं एआईएडीएमके और भाजपा गठबंधन बनाकर मैदान में हैं। इस चुनाव में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके भी खास चर्चा में है।

केरल में वाम मोर्चा और कांग्रेस के बीच टक्कर

केरल में मुकाबला मुख्य रूप से वाम मोर्चा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में हैं, जबकि कांग्रेस 2024 लोकसभा चुनाव के परिणामों से उत्साहित नजर आ रही है।

असम में सीएम हिमंत बिस्वा सरमा को मिलेगा दूसरा मौका ?

इधर असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा दूसरी बार सत्ता में लौटने की उम्मीद कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस नए सिरे से चुनौती देने की तैयारी में है। वहीं पुडुचेरी में मुख्यमंत्री एन. रंगासामी तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में हैं, जबकि विपक्षी दल बदलाव का मुद्दा उठाकर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।

Rashtra Bharat
Rashtra Bharat पर पढ़ें ताज़ा खेल, राजनीति, विश्व, मनोरंजन, धर्म और बिज़नेस की अपडेटेड हिंदी खबरें।

Dipali Kumari

दीपाली कुमारी पिछले तीन वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में कार्यरत हैं। उन्होंने रांची के गोस्सनर कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। सामाजिक सरोकारों, जन-जागरूकता और जमीनी मुद्दों पर लिखने में उनकी विशेष रुचि है। आम लोगों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाना और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों को धारदार लेखन के माध्यम से सामने लाना उनका प्रमुख लक्ष्य है।