विषयसूची
ToggleVBA leaders controversy: महाराष्ट्र के नागपुर में वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA) के भीतर विवाद गहराता नजर आ रहा है। संगठन के जिला और शहर स्तर के पदाधिकारियों के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आए हैं, जिसके बाद पुलिस में मामला दर्ज किया गया है। इस घटना ने पार्टी के अंदर चल रहे असंतोष को खुलकर सामने ला दिया है।
गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप
जानकारी के अनुसार, वंचित बहुजन आघाड़ी के जिला अध्यक्ष अजय सहारे, शहर अध्यक्ष मंगेश वानखेडे, महासचिव राहुल दहिकर और शुभम वाहाने के खिलाफ कार्यकर्ताओं को गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज हुआ है। यह घटना एक प्रशिक्षण शिविर के दौरान हुई, जहां पार्टी के कार्यकर्ता आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की तैयारी के लिए जुटे थे।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि हाल ही में हुए नागपुर महानगरपालिका, नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में कथित अनियमितताओं को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी थी। वे लगातार पार्टी नेतृत्व से जांच और कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसी मुद्दे को लेकर जब शिविर में चर्चा शुरू हुई, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शिविर शुरू होने से पहले ही कुछ कार्यकर्ताओं ने जिला प्रभारी कुशल मेश्राम के सामने चुनावी गड़बड़ियों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। इसी दौरान आरोप है कि संबंधित पदाधिकारियों ने सवाल पूछने वाले कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और विवाद बढ़ गया।
कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट
मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि चारों नेताओं ने कार्यकर्ताओं को डराने के लिए हथियारों का भय दिखाया और मारपीट करने की कोशिश की। इसके बाद कुछ कार्यकर्ताओं को जबरन बाहर निकालने की भी कोशिश की गई। इस पूरी घटना से वहां मौजूद लोगों में डर और आक्रोश का माहौल बन गया।
घटना के बाद मनीष बोरकर की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।