मराठी भाषा के लिए राजू बाविस्कर को साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला
Raju Baviskar Sahitya Akademi Award Marathi: नई दिल्ली, 31 मार्च। जळगांव के प्रसिद्ध चित्रकार एवं लेखक राजू बाविस्कर को मराठी भाषा के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार उनकी आत्मकथा काळ्यानिळ्या रेषा के लिए प्रदान किया गया।

नई दिल्ली के कमानी ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में साहित्य अकादमी के अध्यक्ष माधव कौशिक ने उन्हें मानचिन्ह, शॉल और एक लाख रुपये नकद से सम्मानित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ हिंदी साहित्यकार विश्वनाथ प्रसाद तिवारी, अकादमी की उपाध्यक्ष कुमुद शर्मा, संस्कृति मंत्रालय के संचालक अनीश राजन और सचिव पल्लवी होळकर उपस्थित रहे।
विश्वनाथ प्रसाद तिवारी ने कहा, “साहित्यकारों का सम्मान करना समाज का कर्तव्य है। साहित्य समाज को प्रेरणा और मूल्य प्रदान करता है।” उन्होंने भारतेंदु हरिश्चंद्र के योगदान का उल्लेख करते हुए स्वदेशी और स्वभाषा के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

देश की मान्यता प्राप्त 24 भाषाओं की उत्कृष्ट साहित्यिक कृतियों को इस वर्ष के पुरस्कारों के लिए चुना गया। कविता, उपन्यास, कहानी, निबंध, समीक्षा और आत्मकथा जैसी विभिन्न विधाओं में विशेषज्ञ समिति ने श्रेष्ठ कृतियों का चयन किया।
अन्य पुरस्कार विजेताओं में असमिया के देवब्रत दास, हिंदी की ममता कालिया, अंग्रेज़ी के नवतेज सरना और पंजाबी के हरजिंदर पाल ‘जिंदर’ सहित कई साहित्यकार शामिल हैं।
जळगांव से महाराष्ट्र के साहित्य जगत में यह सम्मान क्षेत्रीय साहित्य की राष्ट्रीय पहचान को और मजबूत करता है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र