जळगांव में 21 दिनों तक चलेगा संघ का प्रशिक्षण वर्ग
RSS Karyakarta Vikas Varg Jalgaon Maharashtra: जळगांव। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिम क्षेत्र — महाराष्ट्र, गोवा एवं गुजरात — का ‘कार्यकर्ता विकास वर्ग-1’ इस वर्ष जळगांव में के.सी.ई. सोसायटी के एम.जे. कॉलेज परिसर में आयोजित किया जा रहा है। यह वर्ग 10 मई से 30 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें तीनों राज्यों के लगभग 300 स्वयंसेवक सहभागी होंगे।
21 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण
यह वर्ग पूर्णतः आवासीय है। स्वयंसेवकों को प्रतिदिन सुबह 4:30 बजे से रात 10 बजे तक विभिन्न सत्रों में शारीरिक, बौद्धिक, संगठनात्मक, प्रबंधन तथा सेवा कार्य का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त घोष वादन का प्रशिक्षण भी होगा और वर्ग परिसर में सघोष संचलन निकाला जाएगा।
महाराष्ट्र, गोवा और गुजरात के 300 स्वयंसेवक होंगे शामिल
वर्ग की समस्त व्यवस्था पर्यावरण अनुकूल रखी गई है। प्लास्टिक उपयोग से बचने का संदेश भी इस वर्ग के माध्यम से दिया जाएगा।
वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन
इस वर्ग में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबळे, सह सरकार्यवाह अरुण कुमार तथा मंगेश भेंडे प्रशिक्षणार्थियों को मार्गदर्शन देंगे। वर्ग के वर्गाधिकारी सुधीर चापोरकर हैं।
समापन समारोह 30 मई को
वर्ग का समापन कार्यक्रम 30 मई को आयोजित होगा, जिसमें प्रशिक्षणार्थी अपने 21 दिनों के प्रशिक्षण में अर्जित कौशल का प्रदर्शन करेंगे। स्वयंसेवकों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से संघ द्वारा इस प्रकार के शिक्षा वर्ग प्रतिवर्ष आयोजित किए जाते हैं।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र