Maharashtra News: विदर्भ में बढ़ते नशे के कारोबार पर सरकार से जवाब तलब, ड्रग्समुक्त महाराष्ट्र अभियान का ऐलान

Vidarbha Drugs Issue Drugsmukt Maharashtra Campaign: महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में डॉ. नितिन राउत ने विदर्भ में बढ़ते नशे के कारोबार का मुद्दा उठाया। उन्होंने नागपुर, गड़चिरोली, यवतमाल और वर्धा में फैल रहे नशे पर सरकार से जवाब मांगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसके जवाब में ‘ड्रग्समुक्त महाराष्ट्र’ अभियान शुरू करने और कार्रवाई को और मजबूत बनाने की घोषणा की।
विषयसूची
विदर्भ में नशे के बढ़ते कारोबार पर बढ़ी चिंता
Vidarbha Drugs Issue Drugsmukt Maharashtra Campaign: मुंबई/नागपुर। महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में विदर्भ क्षेत्र में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार का मुद्दा गूंजा। कांग्रेस विधायक डॉ. नितिन राउत ने नागपुर, गड़चिरोली, यवतमाल और वर्धा जिलों में मादक पदार्थों के बढ़ते जाल को लेकर सरकार को सीधे घेरा और जवाब मांगा।
डॉ. राउत ने सदन में कहा कि सरकार ने वर्ष 2025 में 523 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ नष्ट किए जाने का दावा किया है, लेकिन विदर्भ क्षेत्र से कितनी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त हुए, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने विदर्भ के लिए अलग एंटी-नारकोटिक्स यूनिट, पर्याप्त मानव संसाधन और कार्रवाई का विस्तृत ब्यौरा सदन के सामने रखने की मांग की।
विधायक राउत ने यह भी बताया कि कॉलेजों में छात्रों के पास एलएसडी जैसे खतरनाक मादक पदार्थ पाए जा रहे हैं। उन्होंने “जॉम्बी ड्रग्स” जैसे घातक नशीले पदार्थों की आसान उपलब्धता पर गंभीर चिंता जताई और कहा कि स्थानीय स्तर पर जागरूकता व प्रशिक्षण की कमी के चलते प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही।
ड्रग्समुक्त महाराष्ट्र अभियान से क्या बदलेगा?
जवाब में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में जल्द व्यापक ‘ड्रग्समुक्त महाराष्ट्र’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की सूचना देने वाले मुखबिरों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उन्हें पुरस्कार भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में सात विशेष मादक पदार्थ विरोधी इकाइयाँ कार्यरत हैं, जिनमें 369 अधिकारी और कर्मचारी तैनात हैं। इन इकाइयों का विकेंद्रीकरण कर राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में और अधिक प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

