नागपुर में पुनर्विवाह सम्मेलन से नई उम्मीद जगी
Nagpur remarriage introduction conference: नागपुर। महात्मा फुले शिक्षण संस्था, रेशीमबाग, नागपुर में सर्वजातीय एवं सर्वधर्मीय पुनर्विवाह परिचय सम्मेलन बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में तलाकशुदा, विधवा, विधुर, प्रौढ़ तथा दिव्यांग युवक-युवतियां शामिल हुईं।
उद्घाटन एवं अध्यक्षता
कार्यक्रम का उद्घाटन मुंबई उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति किशोरजी रोही के हाथों हुआ। संस्था के अध्यक्ष प्रा. अरुण पवार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। प्रमुख अतिथियों में धर्मादाय उपायुक्त किशोरजी मसने, पूर्व विधायक अशोकराव मानकर, गिरीष पांडव तथा शेखर सावरबांधे उपस्थित रहे।
‘पुनःबंधन’ पुस्तिका का विमोचन
सर्वजातीय और सर्वधर्मीय पहल ने समाज को दिया नया संदेश
इस अवसर पर ‘पुनःबंधन’ नामक परिचय पुस्तिका का विमोचन किया गया। इस पुस्तिका में 410 विवाह इच्छुक युवक-युवतियों का पंजीकरण दर्ज है। सम्मेलन में 82 प्रतिभागियों ने मंच पर अपना परिचय प्रस्तुत किया।
आयोजन का उद्देश्य
महात्मा फुले और सावित्रीबाई फुले के विचारों को आम जनमानस तक पहुंचाना इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य रहा। संस्था का मानना है कि फुले दंपती ने बहुजन समाज, दलितों तथा समस्त मानवता के लिए जो कार्य किए, उन्हें समाज में जीवंत रखना आवश्यक है।
संचालन एवं आभार
कार्यक्रम का संचालन प्रा. पंकज कुरळकर ने किया। प्रस्तावना कार्याध्यक्ष एवं समिति संयोजक प्रकाश देवते ने रखी तथा अंत में राजेंद्र पाटील ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य व्यक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पंजीकृत प्रतिभागियों के विवाह संबंध आगे किस प्रकार आगे बढ़ते हैं, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र