MS Dhoni: आईपीएल के मैदान पर जब भी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) उतरती है, तो एक सवाल हर फैन के दिल में जरूर उठता है कि क्या आज महेंद्र सिंह धोनी खेलेंगे?
पांच बार की चैंपियन चेन्नई की टीम ने आखिरी बार 2023 में ट्रॉफी उठाई थी। उस वक्त धोनी 41 साल के थे और मैदान पर उनकी मौजूदगी ही टीम की सबसे बड़ी ताकत थी। लेकिन उसके बाद से टीम का प्रदर्शन धीरे-धीरे गिरता नजर आया। 2024 में चेन्नई पांचवें स्थान पर रही और 2025 में तो टीम आखिरी पायदान पर पहुंच गई।
अब IPL 2026 में भी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। चेन्नई ने 9 में से 4 मैच जीतकर 8 अंक हासिल किए हैं और फिलहाल छठे स्थान पर है। प्लेऑफ की उम्मीदें अभी जिंदा हैं, लेकिन हर मुकाबले के साथ यह सवाल भी गहराता जा रहा है कि धोनी कब लौटेंगे?
अभी फिट नहीं हैं धोनी
दिल्ली के खिलाफ मुकाबले से पहले जब टीम अभ्यास के लिए मैदान पर पहुंची, तो सबसे ज्यादा चर्चा धोनी की गैरमौजूदगी को लेकर रही। टीम के गेंदबाजी कोच एरिक सिम्मंस ने साफ कहा कि धोनी फिलहाल टीम के साथ दिल्ली में नहीं हैं और उनकी वापसी पर फैसला पूरी तरह उन्हीं पर निर्भर करेगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि धोनी अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और पिंडली की चोट से उबर रहे हैं।
यानी साफ है धोनी की वापसी अभी भी अनिश्चित है। यही वजह है कि फैंस के मन में एक और सवाल उठने लगा है कि क्या 10 मई को चेन्नई में होने वाला मैच उनका आखिरी मुकाबला हो सकता है?
आखिरी मैच चेन्नई में खेलना चाहते हैं धोनी
दरअसल, धोनी खुद पहले कह चुके हैं कि वह अपना आखिरी टी20 मैच चेन्नई में खेलना चाहते हैं। ऐसे में 10 मई को लखनऊ के खिलाफ होने वाला मुकाबला भावनात्मक रूप से बेहद खास हो सकता है।
चेन्नई का इस सीजन का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है कभी बड़ी जीत, तो कभी करारी हार। लेकिन टीम ने अब भी वापसी की उम्मीद नहीं छोड़ी है। आने वाले मुकाबले दिल्ली, लखनऊ, हैदराबाद और गुजरात के खिलाफ चेन्नई के लिए निर्णायक साबित होंगे।
फिलहाल, हर फैन बस यही उम्मीद कर रहा है कि ‘कैप्टन कूल’ एक बार फिर मैदान पर उतरें। क्योंकि धोनी सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं बल्कि एक एहसास हैं, जिनके बिना आईपीएल अधूरा लगता है।