गांव में राहत कार्य से लौटने लगा भरोसा
Dhamangaon village fire relief Nagpur: नागपुर, 8 मई। धामणगांव में अचानक लगी भीषण आग से पूरा गांव दहशत में आ गया था, लेकिन शासन-प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद अब गांव के लोग एक बार फिर विश्वास के साथ खड़े हो रहे हैं। जिन परिवारों के घर आग में जलकर राख हुए थे, उन्होंने नए घरों का निर्माण शुरू कर दिया है।
सरपंच ने सराहा प्रशासन का त्वरित कदम
धामणगांव की सरपंच वैशाली चौधरी ने बताया, “अचानक लगी भीषण आग से हमारा पूरा गांव दहशत में आ गया था, लेकिन शासन और प्रशासन ने तत्काल गांव पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। अब गांव के लोग फिर से विश्वास के साथ खड़े हो रहे हैं।” उन्होंने बताया कि घटना के दूसरे ही दिन पशुओं के लिए चारा पहुंच गया, पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने गांव का दौरा किया और सुबह से ही पंचनामे शुरू कर दिए गए। किराना एवं अन्य जीवनावश्यक सामग्री भी समय पर पहुंचाई गई।



पड़ोसी गांवों मल्हारपूर और खोलडुडा के ग्रामीणों ने भी कुटार और कडबा भेजकर सहयोग की मिसाल पेश की।
प्रभावित परिवारों ने नए घर बनाने का काम शुरू किया
जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण
जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने धामणगांव पहुंचकर राहत कार्यों का निरीक्षण किया। हनुमान मंदिर में आयोजित बैठक में उन्होंने ग्रामीणों से सीधी चर्चा की, उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि पीड़ितों को मुख्यमंत्री सहायता निधि से अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी।
उमरेड बैठक में किसानों के लिए निर्देश
उमरेड में आयोजित एक अलग बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराए जाएं और किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े पर कड़ाई से रोक लगाई जाए।
पीड़ित परिवारों को मुख्यमंत्री सहायता निधि से मिलने वाली राशि की प्रक्रिया अभी जारी है।


रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र