Rashtra Bharat Logo

Jharkhand Congress News: खरगे, राहुल ने झारखंड के मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा की, दिये कई निर्देश

Jharkhand Congress News: खरगे, राहुल ने झारखंड के मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा की, दिये कई निर्देश
झारखंड कांग्रेस के मंत्रियों की बैठक लेते मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी.

Jharkhand Congress News: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने झारखंड के कांग्रेस कोटे के मंत्रियों के साथ नयी दिल्ली में बैठक की. मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा की और उन्हें कई निर्देश दिये.

Updated:
·by
Rashtra Bharat Digital Team
Rashtra Bharat Digital Team
Share:

Jharkhand Congress News: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को यहां झारखंड के पार्टी नेताओं के साथ बैठक की जिसमें प्रदेश में पार्टी कोटे के चारों मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा की गई और उन्हें कार्यकर्ताओं की (समस्याएं) सुनने तथा पार्टी हितों का भी ख्याल रखने का निर्देश दिया गया।

सूत्रों का कहना है कि पार्टी के कुछ नेताओं ने कांग्रेस कोटे के मंत्रियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच संवाद के अभाव का उल्लेख किया, जिस पर खरगे और राहुल गांधी ने भी सहमति जताई कि मंत्रियों को राज्य के हित के साथ ही पार्टी एवं कार्यकर्ताओं का ख्याल करना चाहिए।

हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार में कांग्रेस कोटे से चार मंत्री राधाकृष्ण किशोर, इरफान अंसारी, दीपिका पांडे सिंह और शिल्पी नेहा टिर्की शामिल हैं।

कांग्रेस राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है। बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पार्टी की झारखंड इकाई के प्रभारी के. राजू भी उपस्थित थे।

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ खाते पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने झारखंड के कांग्रेस सांसदों, मंत्रियों और विधायकों से मुलाकात की और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।”

सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने राज्य में संगठन को मजबूत करने और लोगों के मुद्दों को हल करने और नीतियों को जन-उन्मुख बनाने में मदद की अपील की।

सूत्रों ने यह भी बताया कि कांग्रेस कोटे के मंत्रियों कामकाज की समीक्षा के साथ ही सरकार और कांग्रेस के संगठन के बीच समन्वय को बढ़ाने पर जोर दिया गया।

बैठक में शामिल एक नेता ने बताया कि ज्यादातर लोगों की यह राय थी कि मंत्रियों का पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ उचित संवाद नहीं है जिसे बढ़ाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “इस बात पर जोर दिया गया कि मंत्रियों और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद बढ़ना चाहिए और मंत्री कार्यकर्ताओं के लिए उपलब्ध रहें।”

कांग्रेस के एक अन्य नेता ने कहा कि सरकार और पार्टी के मंत्रियों के कामकाज का सोशल मीडिया में अधिक सक्रियता के साथ प्रचार प्रसार होना चाहिए।

सूत्रों के अनुसार, खरगे और राहुल गांधी दोनों ने इस बात पर जोर दिया कि झारखंड में गठबंधन में रहते हुए भी कांग्रेस का विस्तार और संगठन को मजबूत बनाना है।

सूत्रों ने बताया कि झारखंड में सरकार बनने के बाद से अब तक क्या-क्या कार्य किये गये हैं और आगे क्या किए जाने हैं, पार्टी के घोषणा पत्र में किये गये वादों में कितने पूरे हुए, कितने पर काम शुरू हुआ, इसके बारे में भी विस्तार से चर्चा की गई। मंत्रियों और विधायकों को दिए गए संगठन से जुड़े कार्यों में प्रगति की भी समीक्षा की गई।