Badshah Tatiri Song Controversy: सुप्रसिद्ध गायक और रैपर बादशाह (आदित्य प्रतिक सिंह सिसोदिया) के विवादित गाने ‘टटीरी’ को लेकर हरियाणा में मामला गरमा गया है। गाने की आपत्तिजनक सामग्री को लेकर हरियाणा पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। मिली जानकारी के अनुसार रैपर की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें।
मामले में पंचकुला पुलिस ने गाने और उसके वीडियो को लेकर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने बादशाह को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द जांच में शामिल होने और पुलिस के सामने पेश होने को कहा है। गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें भी गठित की गई हैं। साथ ही संबंधित गाने के वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
गाने की सामग्री पर उठे सवाल
पुलिस के अनुसार वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने कुछ नाबालिग बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है। इसके अलावा “बादशाला” जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर शिक्षा और स्कूल के माहौल को गलत तरीके से पेश करने का आरोप भी लगाया गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गाने में महिलाओं और लड़कियों के लिए आपत्तिजनक और अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिस पर आपत्ति जताई गई है।
Badshah picturised a song called “Tateeree” in which girls are portrayed as school-going students.
In the first frame, a group of schoolgirls is shown dancing.
In the next frame, Badshah appears and sings, “Aaya Badshah doli chadhane, in sabki ghodi banane.”
I’ll say it again,… pic.twitter.com/3ID18sDGPH
— Dr Nimo Yadav 2.0 (@DrNimoYadav) March 6, 2026
सरकारी संपत्ति के इस्तेमाल की भी जांच
पुलिस के मुताबिक वीडियो में हरियाणा रोडवेज की बस भी दिखाई गई है, जो Jind डिपो से संबंधित बताई जा रही है। अब यह जांच की जा रही है कि वीडियो शूट के लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं। अगर बिना अनुमति बस का इस्तेमाल किया गया पाया गया तो मामले में साजिश से जुड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
इसके अलावा वीडियो में एक सरकारी स्कूल परिसर भी दिखाया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वहां शूटिंग के लिए जरूरी अनुमति ली गई थी या नहीं।
यूट्यूब से हटाया गया गाना
पंचकूला पुलिस की कार्रवाई के बाद बादशाह के आधिकारिक यूट्यूब चैनल से इस विवादित गाने को हटवा दिया गया है। साथ ही अन्य म्यूजिक प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया साइट्स को भी नोटिस भेजकर इस गाने से जुड़े वीडियो, रील्स और शॉर्ट क्लिप्स हटाने को कहा गया है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर कोई व्यक्ति इस गाने से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री को सोशल मीडिया पर बनाता या साझा करता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।