नागपुर के ESIC अस्पताल का मंत्री प्रकाश आबिटकर ने किया अचानक निरीक्षण
Prakash Abitkar ESIC Hospital Nagpur: नागपुर, 9 मार्च। राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर ने सोमवार को नागपुर के सोमवारी पेठ क्षेत्र स्थित ESIC अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद किया और अस्पताल प्रशासन को सुधार के स्पष्ट निर्देश दिए।
मंत्री आबिटकर ने भर्ती मरीजों से इलाज की गुणवत्ता, डॉक्टरों के व्यवहार और अस्पताल में परोसे जाने वाले भोजन के बारे में जानकारी ली। मरीजों की शिकायतों को ध्यान से सुनने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अस्पताल परिसर के विस्तृत निरीक्षण में मंत्री ने स्वच्छता व्यवस्था, वार्डों की स्थिति, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाएं और कर्मचारियों के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से यह भी जानना चाहा कि मरीजों को समय पर दवाइयाँ मिल रही हैं या नहीं और इलाज की प्रक्रिया किस प्रकार संचालित की जा रही है।
मरीजों से बातचीत कर इलाज, दवाइयों और अस्पताल की सुविधाओं की ली जानकारी
इसके साथ ही मंत्री ने अस्पताल के डॉक्टरों से चर्चा कर चिकित्सा सेवाओं, उपकरणों और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को बेहतर और समय पर उपचार मिलना सरकार की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के उपसंचालक डॉ. शशिकांत शंभरकर भी उपस्थित रहे और उन्होंने मंत्री को अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं से अवगत कराया।
यह औचक दौरा राज्य सरकार की सरकारी अस्पतालों में जवाबदेही सुनिश्चित करने की कोशिशों का हिस्सा माना जा रहा है।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र