PM Modi Rally Violence: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रिगेड रैली से पहले माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। रैली से पहले शहर के गिरीश पार्क इलाके में जमकर हंगामा और झड़प की खबर सामने आई है, जिसके बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया।
गाड़ियों पर बरसाएं पत्थर
बताया जा रहा है कि भाजपा समर्थकों की कई गाड़ियां ब्रिगेड मैदान में होने वाली रैली के लिए जा रही थीं। इसी दौरान गिरीश पार्क इलाके में कुछ लोगों ने उन वाहनों पर कथित तौर पर ईंट-पत्थर फेंक दिए। आरोप है कि यह हमला सत्तारूढ़ TMC के समर्थकों द्वारा किया गया। इस घटना में कई भाजपा समर्थक घायल हो गए और कई लोग लहूलुहान हालत में दिखाई दिए।

कई पुलिसकर्मी घायल
पत्थरबाजी और हंगामे के दौरान कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। कुछ बसों और गाड़ियों के शीशे टूट गए और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया। झड़प के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
मामले को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को त्वरित कार्रवाई करते हुए Rapid Action Force (आरएएफ) को भी तैनात करना पड़ा। इसके बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।

फाड़े गए प्रधानमंत्री मोदी के पोस्टर
इधर, रैली से पहले शहर के कई हिस्सों में लगे प्रधानमंत्री मोदी के पोस्टर और कटआउट को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं भी सामने आई हैं। ब्रिगेड मैदान के आसपास की सड़कों पर लगाए गए कई कटआउट तोड़ दिए गए। वहीं एक्साइड मोड़ के पास एक कटआउट का सिर टूटा हुआ पाया गया, जिसका हिस्सा नीचे जमीन पर पड़ा मिला।
इसके अलावा शहर के कुछ इलाकों, खासकर वीआईपी रोड पर ‘मोदी गो बैक’ लिखे पोस्टर और होर्डिंग भी लगाए गए हैं। भाजपा ने इन घटनाओं के लिए तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर राजनीतिक माहौल काफी गर्म हो गया है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
अस्फी द्वारा पुनः संपादित