विषयसूची
ToggleNagpur Mega Health Camp: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए एक सराहनीय पहल देखने को मिली। मौदा तहसील के खात में आयोजित नि:शुल्क महा स्वास्थ्य शिविर ने हजारों लोगों को राहत पहुंचाई और उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
इस शिविर का उद्घाटन राज्य के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अक्सर अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, स्वच्छता और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

शिविर में 4,687 मरीजों की हुई जांच
यह स्वास्थ्य शिविर श्री महालक्ष्मी जगदंबा संस्थान, जिला खनिज प्रतिष्ठान नागपुर और महाराष्ट्र शासन के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया था। शिविर में कुल 4,687 मरीजों की जांच की गई, जो इस पहल की सफलता को दर्शाता है। खास बात यह रही कि 756 जरूरतमंद लोगों को मुफ्त चश्मे भी वितरित किए गए, जिससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी में काफी सुधार आएगा।

इन बीमारियों का हुआ इलाज
शिविर में रक्तचाप, ब्लड शुगर, पैथोलॉजी जांच, कैंसर स्क्रीनिंग, महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच और दंत चिकित्सा सेवाएं मुफ्त उपलब्ध कराई गईं। जांच के दौरान 24 संदिग्ध कैंसर मरीजों की पहचान की गई, जिन्हें आगे के उपचार के लिए चिन्हित किया गया है।

आयोजकों ने बताया कि शिविर के बाद भी जरूरतमंद मरीजों को अस्पतालों में मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। यह पहल न सिर्फ ग्रामीण और वंचित वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में मददगार साबित हो रही है, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित भी कर रही है।