Money Plant Vastu Tips: घर में रखा मनी प्लांट सिर्फ एक सजावटी पौधा नहीं होता है। वास्तु शास्त्र में इसे सुख-समृद्धि और धन वृद्धि से जोड़कर देखा जाता है। कई लोग इसे घर या ऑफिस में लगाते तो हैं, लेकिन इसकी सही देखभाल और दिशा को नजरअंदाज कर देते हैं। यही छोटी-छोटी गलतियां कभी-कभी आर्थिक परेशानी का कारण भी बन सकती हैं।
इस दिशा में लगाये मनी प्लांट
वास्तु के अनुसार, मनी प्लांट को लगाने की दिशा बेहद अहम होती है। इसे कभी भी उत्तर-पूर्व यानी ईशान कोण में नहीं रखना चाहिए। इस दिशा में रखा मनी प्लांट नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। इसके बजाय दक्षिण-पूर्व दिशा को सबसे शुभ माना गया है। कहा जाता है कि यह दिशा भगवान गणेश से जुड़ी होती है, जो घर की बाधाओं को दूर करते हैं और समृद्धि का रास्ता खोलते हैं।
जितनी ऊपर बेल उतनी तरक्की
मनी प्लांट की बेलों पर भी खास ध्यान देने की जरूरत होती है। इसे ‘वेल्थ क्रीपर’ कहा जाता है, यानी इसकी बेल जितनी ऊपर की ओर बढ़ेगी, घर की तरक्की भी उतनी ही आगे बढ़ेगी। लेकिन अगर इसकी बेलें जमीन पर फैलने लगें, तो इसे शुभ नहीं माना जाता। ऐसे में बेल को किसी डंडी या सहारे से ऊपर की ओर चढ़ाना चाहिए, ताकि सकारात्मक ऊर्जा बनी रहे।
मनी प्लांट के पीले पत्ते
पौधे की सेहत भी सीधे तौर पर घर की ऊर्जा से जुड़ी मानी जाती है। अगर मनी प्लांट के पत्ते पीले पड़ने लगें या सूख जाएं, तो यह अच्छा संकेत नहीं होता। ऐसे पत्तों को तुरंत हटा देना चाहिए, क्योंकि माना जाता है कि ये नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाते हैं और आर्थिक स्थिति पर असर डाल सकते हैं।
कैसे लगायें मनी प्लांट
जहां तक इसे लगाने की बात है, वास्तु में नीले रंग की कांच की बोतल या मिट्टी के गमले को सबसे अच्छा माना गया है। प्लास्टिक के डिब्बे या गंदे बर्तन में मनी प्लांट लगाना ठीक नहीं माना जाता, क्योंकि इससे तरक्की में रुकावट आ सकती है।
किसी को भूलकर भी न दें अपना मनी प्लांट
एक और दिलचस्प मान्यता यह है कि अपने घर के मनी प्लांट की कटिंग किसी और को नहीं देनी चाहिए। कहा जाता है कि ऐसा करने से घर की खुशहाली और धन का प्रवाह दूसरे के घर की ओर चला जाता है।
मनी प्लांट में ऐसे दें पानी
इसके अलावा, मनी प्लांट को पानी देते समय उसमें दो बूंद कच्चा दूध मिलाने की परंपरा भी कई लोग मानते हैं। ऐसा करने से घर में सकारात्मकता बढ़ती है और पारिवारिक रिश्तों में मिठास बनी रहती है।