CNG Price Hike: देश में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब सीएनजी भी महंगी हो गई है। शनिवार, 23 मई को सीएनजी के दाम में 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई, जिससे रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों की चिंता बढ़ गई है। खासकर वे लोग जो बढ़ते पेट्रोल-डीजल के खर्च से बचने के लिए सीएनजी वाहनों का इस्तेमाल कर रहे थे, अब उन्हें भी अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ेगा।
क्यों बढ़ें दाम ?
विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी की आशंका के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में लगातार तेजी देखी जा रही है। इसका असर अब भारत के बाजार पर भी साफ नजर आने लगा है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने बढ़ती आयात लागत और डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी को कीमत बढ़ाने की मुख्य वजह बताया है।
विभिन्न शहरों में CNG की कीमत
नई दरों के मुताबिक दिल्ली में अब सीएनजी की कीमत 81.09 रुपये प्रति किलो हो गई है, जो पहले 80.09 रुपये थी। वहीं नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में यह कीमत 89.70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुकी है। गुरुग्राम में सीएनजी 86.12 रुपये और कानपुर में सबसे महंगी 92.42 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
एक ही महीने में तीसरी बार बढ़े दाम
मई महीने में यह तीसरी बड़ी बढ़ोतरी मानी जा रही है। 15 मई से पहले दिल्ली में सीएनजी 77.09 रुपये प्रति किलो थी। पहले 2 रुपये, फिर 1 रुपये और अब 1 रुपये की नई बढ़ोतरी के बाद सिर्फ 8 से 10 दिनों में सीएनजी करीब 4 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है। इसी दौरान पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी लगातार इजाफा हुआ है।
इस बढ़ती महंगाई का सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग और रोज कमाकर खाने वाले लोगों पर पड़ सकता है। ऑटो चालक, टैक्सी ड्राइवर और छोटे ट्रांसपोर्ट कारोबारी पहले ही बढ़ती लागत से परेशान हैं। अब सीएनजी महंगी होने से उनकी रोज की कमाई पर सीधा असर पड़ेगा।