Petrol-Diesel Price Today: 9 दिनों में तीसरी बार बढ़े दाम पेट्रोल -डीजल के दाम, देखिए अपने शहर का नया रेट

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की टेंशन फिर बढ़ा दी है। बीते 9 दिनों में तीसरी बार तेल कंपनियों ने दाम बढ़ाए हैं, जिससे हर शहर में असर दिखने लगा है। सवाल यह है कि क्या आने वाले दिनों में कीमतें और बढ़ेंगी? जानिए आज आपके शहर में नया रेट कितना हो गया है।
विषयसूची
Petrol-Diesel Price Today: देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने आज यानि 23 मई 2026 से नई दरें लागू कर दी हैं। बीते नौ दिनों में यह तीसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। लगातार बढ़ रही कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इसका असर सीधे घरेलू बजट, परिवहन और रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है।
सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के अनुसार दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद राजधानी में पेट्रोल का नया दाम 99.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल का भाव 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गया है। बढ़ी हुई कीमतें बुधवार सुबह छह बजे से लागू कर दी गईं।
15 मई को हुई थी 3 रुपये की बढ़ोतरी
इससे पहले 15 मई को करीब चार साल बाद पहली बार पेट्रोल-डीजल के दामों में बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। उस समय प्रति लीटर तीन रुपये से ज्यादा की वृद्धि हुई थी। इसके बाद 19 मई को भी पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हुआ था। अब एक बार फिर कीमतों में बढ़ोतरी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
चारों महानगरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अलग-अलग बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली के अलावा कोलकाता में पेट्रोल 110.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 97.02 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। मुंबई में पेट्रोल 100.49 रुपये और डीजल 95.02 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि चेन्नई में पेट्रोल 105.31 रुपये और डीजल 96.98 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
क्यों बढ़ रहे हैं पेट्रोल -डीजल के दाम ?
विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें इसका मुख्य कारण हैं। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद कच्चा तेल करीब 50 फीसदी तक महंगा हो चुका है। अनुमान है कि पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और जेट फ्यूल पर सरकारी तेल कंपनियों को रोजाना करीब 1,380 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसी दबाव के चलते लगातार कीमतों में इजाफा किया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज भी कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखने को मिली। ब्रेंट क्रूड 103.5 डॉलर प्रति बैरल, डब्ल्यूटीआई क्रूड 96.60 डॉलर प्रति बैरल और इंडियन बास्केट क्रूड 109.3 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है।

