क्या फिर महंगे होने वाले हैं Jio, Airtel और Vi के रिचार्ज? 12 से 15 फीसदी तक बढ़ सकते हैं दाम

अगर आप Jio, Airtel या Vodafone Idea (Vi) का सिम इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आने वाले महीनों में मोबाइल रिचार्ज प्लान 12 से 15 फीसदी तक महंगे हो सकते हैं। जानिए आखिर कंपनियां ऐसा क्यों कर सकती हैं और इसका आपकी जेब पर कितना असर पड़ेगा।
विषयसूची
Mobile Recharge: अगर आपके पास भी मोबाइल है, तो आपको एक बार फिर से महंगे रिचार्ज का झटका लग सकता है। दरअसल आने वाले कुछ महीनों में Jio, Airtel और Vodafone Idea (Vi) के रिचार्ज प्लान महंगे हो सकते हैं। हालांकि अभी कंपनियों ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन एक नई रिसर्च रिपोर्ट में इसकी संभावना जताई गई है।
12 से 15 फीसदी तक बढ़ सकते हैं दाम
देश की बड़ी टेलीकॉम कंपनियां Reliance Jio, Bharti Airtel और Vodafone Idea (Vi) जल्द अपने प्रीपेड रिचार्ज प्लान की कीमतें बढ़ा सकती हैं। Centrum Institutional Research की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 3 से 4 महीनों में रिचार्ज प्लान 12 से 15 फीसदी तक महंगे हो सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो इसका असर करोड़ों मोबाइल यूजर्स की जेब पर पड़ेगा।
क्यों जताई जा रही रिचार्ज बढ़ने की संभावना?
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ समय से टेलीकॉम कंपनियों की कमाई उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ रही है। पिछले बड़े टैरिफ बढ़ोतरी को भी लगभग दो साल हो चुके हैं। ऐसे में कंपनियां अपनी आय बढ़ाने के लिए फिर से रिचार्ज प्लान की कीमतें बढ़ा सकती हैं।
अभी कंपनियों की कमाई इसलिए बढ़ रही है क्योंकि कई 2G यूजर्स 4G और 5G नेटवर्क पर आ गए हैं और पहले से ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन कंपनियां अब हर ग्राहक से ज्यादा कमाई करना चाहती हैं।
इस बार बदल सकता है रिचार्ज का तरीका
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस बार सिर्फ रिचार्ज महंगे नहीं होंगे, बल्कि प्लान बनाने का तरीका भी बदल सकता है। अभी कम डेटा और ज्यादा डेटा इस्तेमाल करने वाले कई ग्राहकों को लगभग एक जैसी कीमत चुकानी पड़ती है। लेकिन आने वाले समय में कंपनियां डेटा की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग प्लान ला सकती हैं। यानी जो लोग ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करेंगे, उन्हें ज्यादा पैसे देने पड़ सकते हैं।
जेब पर कितना पड़ेगा असर?
अगर रिचार्ज प्लान 15 फीसदी तक महंगे होते हैं, तो ग्राहकों का मासिक खर्च भी बढ़ जाएगा। उदाहरण के लिए, अगर आज कोई प्लान ₹300 का है, तो उसकी कीमत बढ़कर करीब ₹345 हो सकती है। इसी तरह ₹500 वाला प्लान करीब ₹575 तक पहुंच सकता है। हालांकि ये सिर्फ अनुमान हैं। असली कीमतें कंपनियों के फैसले और नए प्लान पर निर्भर करेंगी।
फिलहाल ग्राहकों को कंपनियों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा। लेकिन अगर रिपोर्ट सही साबित होती है, तो आने वाले महीनों में मोबाइल रिचार्ज कराना पहले से महंगा पड़ सकता है।

