Goa Club Fire Incident: गोवा के बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड में एक बड़ी खबर सामने आयी है. मिली जानकारी के अनुसार क्लब के मालिक लूथरा ब्रदर्स (सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा) को थाईलैंड के फुकेट में हिरासत में ले लिया गया है। यह गिरफ्तारी न केवल गोवा पुलिस बल्कि उन सभी परिवारों के लिए राहत की बात है, जो इस अग्निकांड में अपने प्रियजनों को खोने या घायल होने की पीड़ा झेल रहे हैं। मालूम हो हादसे के बाद से क्लब के मालिक लूथरा ब्रदर्स—सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा—जांच एजेंसियों की पकड़ से बाहर थे।
हादसे के बाद लूथरा ब्रदर्स का पलायन
हादसे के तुरंत बाद लूथरा ब्रदर्स मौके से गायब हो गए। गोवा पुलिस ने उन्हें नोटिस भेजे, लेकिन वे सामने नहीं आए। जांच में पता चला कि दोनों भाई दिल्ली के रास्ते थाईलैंड भाग गए। इसके बाद सरकार ने कार्रवाई करते हुए उनका पासपोर्ट सस्पेंड कर दिया, ताकि वे आगे किसी अन्य देश में न जा सकें। पासपोर्ट निलंबन के बाद भी वे फुकेट में छिपकर रह रहे थे, लेकिन उनका ठिकाना अंततः थाईलैंड पुलिस और इंटरपोल के सहयोग से पता लगाया गया।
थाईलैंड में कैसे पकड़े गए लूथरा ब्रदर्स
थाईलैंड में गिरफ्तारी एक योजनाबद्ध और संयुक्त अभियान के तहत हुई। सूत्र बताते हैं कि गोवा पुलिस की ओर से भेजी गई जानकारी, लूथरा ब्रदर्स की हालिया डिजिटल गतिविधियों और ट्रैवल रिकॉर्ड के आधार पर उनका लोकेशन चिन्हित किया गया। फुकेट में एक निजी विला में छिपे दोनों भाइयों को स्थानीय पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में लिया। अब उनके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। लूथरा ब्रदर्स की गिरफ्तारी से गोवा क्लब अग्निकांड की जांच को नई दिशा मिलने की संभावना है।
कई लोगों की गयी जान
गोवा का रोमियो लेन नाइट क्लब पर्यटन सीजन में युवाओं और पर्यटकों के लिए सबसे चर्चित स्थलों में से एक माना जाता है। लेकिन उस रात क्लब में लगी आग ने इसकी चमकदार छवि को पलभर में राख में बदल दिया। हादसे में कई लोगों की जान गयी और लोग घायल हुए. वहीं दर्जनों की जान बाल-बाल बची।
प्राथमिक जांच में दो बड़े मुद्दे सामने आए-
- क्लब में सुरक्षा का मानक स्तर बेहद कम था
- इमरजेंसी निकास मार्ग बाधित पाए गए
- स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की रिपोर्टों ने साफ किया कि आग से बचाव के उपकरण पुराने थे और नियमित जांच के प्रमाण भी संदिग्ध थे।