Twisha Death Case: नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की भोपाल स्थित ससुराल में हुई संदिग्ध मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस केस में अब एक नया मोड़ सामने आया है। मामले के मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। बताया जा रहा है कि समर्थ सिंह फिलहाल फरार है और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है।
इनाम की राशि 30 हजार रुपये
इसी बीच पुलिस ने उस पर घोषित इनाम की राशि भी बढ़ा दी है। पहले समर्थ पर 10 हजार रुपये का इनाम था, जिसे अब बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश कई जगहों पर की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, समर्थ सिंह ने सबसे पहले भोपाल की अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी, लेकिन वहां से उसे राहत नहीं मिली। अदालत ने उसकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद अब उसने हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया है।
ट्विशा के मायके वाले कर रहे दोबारा पोस्टमार्टम की मांग
दूसरी तरफ ट्विशा शर्मा का परिवार भी इस मामले में लगातार न्याय की मांग कर रहा है। परिवार दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग कर रहा था, लेकिन सत्र न्यायालय ने उनकी याचिका खारिज कर दी। अब ट्विशा के परिजन इस फैसले को जबलपुर हाई कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रहे हैं। मामले में सीबीआई जांच की मांग भी तेज होती जा रही है।
ट्विशा के परिजनों ने की सीएम मोहन यादव से मुलाकात
सूत्रों के अनुसार, ट्विशा के परिजनों ने हाल ही में मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात में मुख्यमंत्री ने सीबीआई जांच की मांग पर सहमति जताई है। इसके बाद से चर्चा तेज हो गई है कि मध्य प्रदेश सरकार जल्द ही इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के लिए केंद्र सरकार को पत्र भेज सकती है। परिवार का कहना है कि उन्हें स्थानीय जांच पर भरोसा नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
ट्विशा की सास का ऑडियो वायरल
इसी बीच इस केस में एक और नया मोड़ तब आया, जब ट्विशा की सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल ऑडियो में ट्विशा को लेकर कई गंभीर बातें कही जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने इसे भी जांच के दायरे में शामिल कर लिया है। सोशल मीडिया पर यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है और लोग पूरे मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।