Nishant Kumar: बिहार की राजनीति में आज रविवार का दिन काफी महत्वपूर्ण रहा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता ग्रहण कर ली। पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पार्टी जॉइन की।
इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जेडीयू के दिग्गज नेता श्रवण कुमार, संजय झा, बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी समेत कई नेता शामिल हुए। निशांत कुमार के पार्टी में शामिल होने के बाद बिहार की राजनीति में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाने की चर्चा
बताया जा रहा है कि आने वाले समय में पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में निशांत कुमार की बड़ी भूमिका हो सकती है। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि भविष्य में उन्हें सरकार में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। निशांत कुमार को बिहार का उपमुख्यमंत्री बनाने की भी चर्चाएं चल रही है.
हालांकि, उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल बिहार सरकार में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा उपमुख्यमंत्री के पद पर कार्यरत हैं। निशांत कुमार के राजनीति में आने के बाद अब उनकी भूमिका को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।