नई व्यवस्था से इलाज होगा आसान
Mukhyamantri Chikitsa Sahayata Nidhi online system Maharashtra: मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि कक्ष के लिए नई ऑनलाइन प्रणाली का लोकार्पण किया। इस प्रणाली के जरिए राज्य की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का एकीकरण किया जाएगा और पहली बार एक समर्पित “वॉर रूम” की स्थापना की जा रही है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, “यह कक्ष केवल आर्थिक सहायता तक सीमित न रहकर मरीज, अस्पताल और सरकार को जोड़ने वाला सशक्त मंच बनेगा।”
नई प्रणाली की प्रमुख विशेषताएं:
नई व्यवस्था के तहत आवेदन की रियल-टाइम ट्रैकिंग की सुविधा मिलेगी। निधि वितरण दो चरणों में होगा — 30% राशि तुरंत और शेष 70% अंतिम मंजूरी के बाद। आवेदन पर आठ घंटे के भीतर त्वरित निर्णय लिया जाएगा। पूरी प्रक्रिया पेपरलेस रहेगी और मरीज अपने अस्पताल के माध्यम से सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। दस्तावेजों की डिजिटल जांच होगी और भुगतान डीबीटी के माध्यम से सीधे अस्पताल के खाते में किया जाएगा। इस नेटवर्क में 3,000 से अधिक अस्पताल शामिल हैं।
मरीजों की सुविधा के लिए 24×7 टोल-फ्री हेल्पलाइन और व्हाट्सएप मार्गदर्शन सेवा भी शुरू की गई है। इसके अलावा एनजीओ और सीएसआर के सहयोग से कैंसर जैसी गंभीर और महंगी बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता को और विस्तार दिया जाएगा। नई प्रणाली के लागू होने के बाद राज्य सरकार इसकी कार्यप्रगति की समीक्षा करेगी और आवश्यकतानुसार और सुधार किए जाएंगे।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र