NEET Paper Leak: देशभर में चर्चा का विषय बने NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच लगातार तेज होती जा रही है। इसी बीच आज मंगलवार को CBI की टीम ने नागपुर में दो नीट परीक्षार्थियों के घरों पर छापेमारी की। दिल्ली से पहुंची टीम ने कई घंटों तक दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की। हालांकि अधिकारियों ने फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन छात्रों या उनके परिवारों का कथित पेपर लीक नेटवर्क से कोई संबंध था। जांच के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप और कुछ अहम दस्तावेजों की जांच की गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
देशभर में कई जगहों पर छापेमारी
दरअसल, NEET UG 2026 पेपर लीक मामला अब देशभर में फैले बड़े नेटवर्क की शक्ल ले चुका है। पहले राजस्थान से शुरू हुई जांच अब महाराष्ट्र के कई शहरों तक पहुंच गई है। हाल के दिनों में CBI ने नांदेड़, लातूर और चंद्रपुर समेत कई इलाकों में भी छापेमारी की है। एजेंसी को शक है कि कुछ अभिभावकों और छात्रों ने पैसे देकर पहले से प्रश्नपत्र हासिल किए थे।
प्रश्नपत्र के बदले 10 -25 लाख तक की वसूली
जांच में यह भी सामने आया है कि कथित “गेस पेपर” के नाम पर असली प्रश्नपत्र छात्रों तक पहुंचाया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ लोगों से 10 लाख से 25 लाख रुपये तक वसूले गए। इस मामले में अब तक कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जिनमें कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोग और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े कुछ शिक्षक भी शामिल हैं।
21 जून को दोबारा परीक्षा
पेपर लीक विवाद के बाद केंद्र सरकार और NTA पर भी सवाल उठे थे। बढ़ते विवाद और विरोध के बीच NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी गई थी। अब दोबारा परीक्षा 21 जून को कराए जाने की तैयारी है।