इलाके के लोगों में लंबे समय से बढ़ रहा था गुस्सा
Kolkata Behala drug den demolished by women: कोलकाता। बेहाला के वार्ड नंबर 116 में आदि गंगा के किनारे स्थित कैनाल रोड नंबर 2 पर आज स्थानीय महिलाओं ने एकजुट होकर तीन नशे के अड्डों को ध्वस्त कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, लंबे समय से इस इलाके में खुलेआम नशे की महफिलें सजती थीं। महिलाओं का आरोप है कि इन अड्डों के कारण इलाके के कई युवक नशे के आदी हो चुके थे। इसके अलावा, पास में एक निजी कॉलेज होने की वजह से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी यहाँ आकर नशा करते थे।



बाशिंदों का कहना है कि इस मामले को लेकर बार-बार स्थानीय पार्षद और पुलिस प्रशासन को शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
नशे की वजह से युवाओं पर पड़ रहा था खराब असर
आखिरकार आक्रोश में आई महिलाओं ने आज खुद ही मोर्चा संभाला और उन अड्डों पर धावा बोलकर उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया।
स्थानीय महिलाओं ने मौके पर कहा “बार-बार पुलिस को बताने के बाद भी कोई फायदा नहीं हुआ। हमारे इलाके का माहौल बिगड़ता जा रहा था। लड़के-लड़कियाँ गलत रास्ते पर जा रहे थे। इसीलिए मजबूर होकर आज हमने खुद यह कदम उठाया।”
अब देखना यह होगा कि इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन और स्थानीय निकाय कोई कार्रवाई करते हैं या नहीं।



रिपोर्ट: एकबाल, पश्चिम बंगाल