महल इलाके में भैंस के हमले से लोग घायल
Buffalo attack Nagpur Mahal area: नागपुर। शहर के ऐतिहासिक महल इलाके में मंगलवार सुबह करीब 8 बजे उस वक्त अफरातफरी मच गई जब भैंसों के एक झुंड में से एक भैंस बेकाबू होकर राहगीरों पर टूट पड़ी। इस हमले में लगभग 10 लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झुंड सुबह-सुबह इलाके से गुजर रहा था, तभी एक भैंस अचानक उग्र हो उठी और आसपास मौजूद लोगों को एक के बाद एक घायल करती रही। घटना कुछ ही मिनटों में हुई, लेकिन घायलों की संख्या ने स्थानीय लोगों को हिलाकर रख दिया।
घटना की गंभीरता के बावजूद, अब तक पुलिस में कोई प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की गई है। इतना ही नहीं, नगर पालिका के पास भी इस संबंध में कोई शिकायत नहीं पहुंची है — जबकि आवारा या बेकाबू पशुओं की जिम्मेदारी नगर निकाय की मानी जाती है।
घटना के बाद इलाके में डर और अफरा-तफरी का माहौल
उल्लेखनीय है कि यह महल इलाका केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के आवास के निकट पड़ता है।
घायलों की स्थिति और उपचार के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। यह देखना होगा कि स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका इस मामले में कब और क्या कदम उठाते हैं।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र