महाराष्ट्र में ऑटो रिक्शा के नए परमिट बंद करने की घोषणा
Maharashtra Auto Rickshaw Permit Ban: मुंबई/महाराष्ट्र। राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने शुक्रवार को घोषणा की कि अब पूरे महाराष्ट्र में ऑटो रिक्शा के नए परमिट जारी नहीं किए जाएंगे। इस फैसले का ऑटो रिक्शा चालक-मालिक संघटना संयुक्त कृती समिति ने स्वागत किया है — लेकिन साथ ही एक बड़ी शर्त भी रख दी है।
संघटना के सरचिटणीस विलास भालेकर ने स्पष्ट कहा कि यदि परंपरागत ऑटो रिक्शा के परमिट बंद कर केवल ई-ऑटो और ई-रिक्शा को छूट दी गई, तो यह चालकों के साथ सरासर अन्याय होगा।
भालेकर ने सवाल उठाया — “परिवहन मंत्री ने कहा कि ऑटो रिक्शा से यातायात में बाधा होती है। लेकिन यदि ई-ऑटो और ई-रिक्शा को अनुमति दी जाती है, तो क्या वे ट्रैफिक नहीं बढ़ाएंगे? सड़कों पर वाहन बढ़ेंगे तो जाम तो रहेगा ही।”
चालक संगठनों ने ई-रिक्शा पर भी समान नियम लागू करने की मांग उठाई
संघटना ने परिवहन मंत्री से विनम्र अपील की है कि यदि परमिट पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है, तो यह नियम ई-ऑटो और ई-रिक्शा पर भी समान रूप से लागू होना चाहिए।
भालेकर ने चेतावनी दी कि अगर सरकार न्यायपूर्ण और समान निर्णय नहीं लेती, तो महाराष्ट्र भर के ऑटो चालक और मालिक अपने अधिकारों की रक्षा के लिए राज्यव्यापी आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
अब नजरें परिवहन विभाग की अगली अधिसूचना पर टिकी हैं, जिसमें स्पष्ट होगा कि ई-वाहनों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा जाएगा या नहीं।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र