iPhone Fold: टेक्नोलॉजी की दुनिया में पिछले कई सालों से Apple के फोल्डेबल iPhone को लेकर काफी चर्चा होती रही है। अब एक बार फिर इस डिवाइस से जुड़ी नई जानकारी सामने आई है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंपनी जल्द ही अपना पहला फोल्डेबल iPhone लॉन्च कर सकती है। हाल ही में सामने आई रिपोर्ट्स में इसके डिजाइन और कुछ खास फीचर्स की झलक भी देखने को मिली है।
iPhone Fold में क्या होगा खास
मशहूर टिपस्टर सोनी डिक्सन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर iPhone Fold के CAD डिजाइन फाइल्स शेयर किए हैं। इन रेंडर्स के जरिए फोन के डिजाइन के बारे में कई बातें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि फोन के पीछे की तरफ एक उठा हुआ कैमरा बंप देखने को मिल सकता है। पहली नजर में इसका डिजाइन कुछ हद तक iPhone Air जैसा लग सकता है, लेकिन इसमें एक की जगह दो कैमरे दिए जाने की बात कही जा रही है।
कैसा होगा iPhone Fold का डिज़ाइन
डिजाइन की बात करें तो फोन में Apple का जाना-पहचाना फ्लैट साइड वाला लुक और गोल किनारे देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक फोन के पीछे एक काली कैमरा स्ट्रिप हो सकती है, जिसमें दो कैमरा सेंसर, एक फ्लैश और एक माइक्रोफोन लगा होगा।
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि फोन के वॉल्यूम बटन ऊपर की तरफ शिफ्ट किए जा सकते हैं, जैसा कि iPad Mini में देखने को मिलता है। इसके अलावा टच ID पावर बटन के जरिए फिर से वापसी कर सकती है। फोन में एक अलग कैमरा कंट्रोल बटन भी मिलने की संभावना जताई जा रही है।

बिल्कुल नजर नहीं आएगा क्रीज
अगर स्क्रीन की बात करें तो iPhone Fold को खोलने पर इसमें लगभग 7.8 इंच का बड़ा OLED डिस्प्ले मिल सकता है। खास बात यह हो सकती है कि स्क्रीन में फोल्ड लाइन यानी क्रीज काफी कम या लगभग नजर नहीं आएगी। वहीं फोल्ड होने पर बाहर की स्क्रीन करीब 5.5 इंच की हो सकती है।
कैसा होगा कैमरा
परफॉर्मेंस के लिए फोन में A20 Pro चिपसेट दिए जाने की उम्मीद है। साथ ही इसमें करीब 5500mAh की बैटरी मिल सकती है। कैमरे की बात करें तो फोन में कुल चार कैमरे दिए जा सकते हैं। पीछे की तरफ दो 48 मेगापिक्सल कैमरे और दोनों डिस्प्ले पर 18 मेगापिक्सल के फ्रंट कैमरे मिल सकते हैं।
Apple finally coming with iPhone Ultra just like the Samsung Z Fold 🔥 pic.twitter.com/z6LKZhmVdi
— Nappy Blaze⚡ (@Nappyblaze) March 10, 2026
कब लॉन्च होगा iPhone Fold
लॉन्च को लेकर कहा जा रहा है कि Apple इस फोल्डेबल iPhone को सितंबर 2026 में पेश कर सकता है। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के साथ लॉन्च किया जा सकता है। भारत में इसकी शुरुआती कीमत करीब 1.90 लाख रुपये के आसपास हो सकती है।
हालांकि अभी तक Apple की ओर से इस फोन को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन लीक हुई डिटेल्स ने टेक प्रेमियों की उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है।