नागपुर में महिला दिवस पर प्रसादराव साल्वे की प्रतिमा का अनावरण, नितिन गडकरी रहे उपस्थित
Nitin Gadkari statue unveiling Nagpur International Women’s Day: नागपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, 8 मार्च 2026 के अवसर पर नागपुर के पिपला डाकबंगला, सावनेर रोड स्थित पी. के. साल्वे अकादमी ऑफ म्यूज़िक एंड फाइन आर्ट में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने स्वतंत्रता सेनानी श्रद्धेय प्रसादराव केशवराव साल्वे (नानाजी) की प्रतिमा का औपचारिक अनावरण किया।
अनावरण समारोह के दौरान अपने विचार व्यक्त करते हुए गडकरी ने कहा, “यदि जीवन में आध्यात्म और जीवन का समन्वय बना रहे तो मनुष्य का जीवन सुखी और संतुष्ट बन सकता है।” उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें सहजयोग सीखने की गहरी इच्छा है।
समारोह में पूर्व मंत्री सुनील केदार, अतिरिक्त कलेक्टर प्रवीण महिरे, सहजयोग ट्रस्ट के वाइस चेयरमैन श्री भल्ला, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी दिनेश राय, वरिष्ठ सहजयोगी राजेश शाह और श्री सत्यनाथन सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। महाराष्ट्र राज्य के सहजयोग समन्वयक एडवोकेट महेश धांडेकर, महाराष्ट्र समिति के सदस्य तथा राज्य के 14 जिलों के जिला समन्वयक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
पी. के. साल्वे अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग हुए शामिल
महिला दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न जोन द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का संचालन नागपुर जिला सहजयोग प्रमुख डॉ. कविता कान्होलकर ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन सहजयोग ट्रस्टी श्री सुरेंद्र चौरसिया ने किया।
नागपुर जिला सहजयोग सामूहिकता के सदस्यों ने इस कार्यक्रम के आयोजन में उल्लेखनीय भूमिका निभाई।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र