Shree Ram Yantra: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज गुरुवार को अयोध्या पहुंचीं, जहां उन्होंने भव्य राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन किया और विशेष रूप से श्री राम यंत्र की स्थापना की। उनके इस दौरे को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रपति के आगमन पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया। इस दौरान आध्यात्मिक गुरु माता अमृतानंदमयी सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति ने किये रामलला के दर्शन
राष्ट्रपति मुर्मू ने मंदिर में रामलला के दर्शन किए और विधि-विधान से आरती में भाग लिया। उन्होंने देशवासियों की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की। इस खास अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर में श्री राम यंत्र की स्थापना भी की, जिसे बेहद शुभ और आध्यात्मिक ऊर्जा का स्रोत माना जाता है।
श्री राम यंत्र का महत्त्व
मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा के अनुसार, यह श्री राम यंत्र वैदिक गणित के आधार पर तैयार किया गया है और इसे सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने के उद्देश्य से बनाया गया है। लगभग 150 किलो सोने की परत चढ़ी इस चौकोर धातु की प्लेट पर वैदिक और बीज मंत्र अंकित हैं। यह यंत्र कांची कामकोटि पीठ के श्री राम यंत्र से प्रेरित है और इसे स्वामी विजयेंद्र सरस्वती के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है।
सुरक्षा के किये गए कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के इस महत्वपूर्ण दौरे को देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर के अनुसार, पूरे शहर और मंदिर परिसर में 7 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।