Usman Tariq: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के एक मुकाबले में उस समय जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला, जब क्वेटा ग्लैडिएटर्स और रावलपिंडी के बीच खेला जा रहा मैच अचानक विवादों में घिर गया। क्रिकेट के मैदान पर जहां आमतौर पर चौके-छक्कों की गूंज सुनाई देती है, वहीं इस मुकाबले में खिलाड़ियों के बीच बहस और तनाव ने सबका ध्यान खींच लिया।
क्या है पूरा मामला ?
यह घटना रावलपिंडी की पारी के 9वें ओवर की है। क्वेटा के स्पिनर उस्मान तारिक गेंदबाजी के लिए आए, लेकिन उनका अजीबोगरीब बॉलिंग एक्शन बल्लेबाज डेरिल मिचेल को असहज कर गया। मिचेल दो बार गेंद फेंके जाने से पहले ही क्रीज से हट गए, जिससे माहौल गरमा गया। इसके बाद मैदान पर खिलाड़ियों और अंपायरों के बीच लंबी चर्चा देखने को मिली।
Daryl Mitchell refuses to face Usman Tariq 😂 #QTGVRWP pic.twitter.com/2CO6z4NvR9
— Nibraz Ramzan (@nibraz88cricket) April 10, 2026
अपने बॉलिंग से पहले भी विवादों में रहे हैं उस्मान तारिक
उस्मान तारिक का बॉलिंग एक्शन पहले भी विवादों में रहा है। उनका कहना है कि उनके कोहनी के जोड़ में प्राकृतिक रूप से डबल-जॉइंट की समस्या है, जिसके कारण उनका हाथ सामान्य गेंदबाजों की तरह मूव नहीं कर पाता। गेंद डालते समय उनके एक्शन में आने वाला ठहराव इसी वजह से होता है। हालांकि, बल्लेबाज इसे अपनी एकाग्रता भंग करने वाला मानते हैं। इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उनके एक्शन को लेकर सवाल उठ चुके हैं, जिससे यह मुद्दा और संवेदनशील बन गया है।
दिलचस्प रहा मुकाबला
हालांकि इस विवाद के बीच असली मुकाबले की कहानी भी काफी दिलचस्प रही। पहले बल्लेबाजी करते हुए क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने 20 ओवर में 182 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कप्तान राइली रूसो ने शानदार 53 रनों की पारी खेली, जबकि सऊद शकील (42) और हसन नवाज (39) ने टीम को मजबूती दी। अंत में जहांदाद खान की तेज 21 रनों की पारी ने स्कोर को और ऊंचाई दी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रावलपिंडी की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। क्वेटा के स्पिनर्स ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उस्मान तारिक, सऊद शकील, अबरार अहमद और काशिफ भट्टी ने मिलकर शानदार गेंदबाजी करते हुए छह विकेट झटके और रावलपिंडी को महज 121 रनों पर समेट दिया।