नागपुर में रिश्वत लेते महसूल सहायक पकड़ा गया
Nagpur ACB trap revenue assistant bribe arrest: नागपुर। भ्रष्टाचार निरोधक विभाग (एसीबी) ने 24 अप्रैल की रात जिलाधिकारी कार्यालय में कार्यरत महसूल सहायक नरेश साधूरावजी बर्वे (54) को 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी उनके निवास स्थान के पास रात करीब 11:30 बजे एसीबी की सापळा (ट्रैप) कार्रवाई के दौरान हुई।
क्या है पूरा मामला?
एक 46 वर्षीय शिकायतकर्ता ने अतिरिक्त जिलाधिकारी कार्यालय (स्लम) में अपने प्लॉट से जुड़े निर्माण संबंधी मामले में अपील दाखिल की थी। आरोप है कि इस प्रकरण को अनुकूल रूप से निपटाने के लिए आरोपी बर्वे ने 5 लाख रुपये की मांग की थी।
एसीबी ने 17 और 20 अप्रैल 2026 को जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने और उसे स्वीकार किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।
गिरफ्तारी में क्या मिला?
आरोपी के पास से 5 लाख रुपये नकद बरामद हुए, जिसमें कुछ नकली नोट भी शामिल थे। इसके अलावा एक आईफोन भी जब्त किया गया है।
अब आगे क्या?
नंदनवन पुलिस स्टेशन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक विवेक पडघान कर रहे हैं। पूरी कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उप अधीक्षक भारती गुरनुले ने किया।
रिपोर्ट: जस्सी, महाराष्ट्र