Air India Flight Ticket: हवाई सफर करने वालों के लिए आने वाले दिनों में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अगर आप एअर इंडिया से यात्रा करते हैं, तो जल्द ही आपके टिकट की कीमत इस बात पर भी निर्भर कर सकती है कि आप फ्लाइट में खाना लेना चाहते हैं या नहीं। जी हां, एअर इंडिया अपनी घरेलू और दो घंटे तक की छोटी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में खाने की सुविधा को वैकल्पिक यानी ऑप्शनल बनाने की तैयारी कर रही है।
अगले एक-दो महीने में लागू हो सकता है नया नियम
सूत्रों के मुताबिक यह बदलाव अगले एक-दो महीने में लागू हो सकता है। इसका सीधा फायदा उन यात्रियों को मिल सकता है जो सफर के दौरान खाना नहीं लेना चाहते। ऐसे यात्रियों के टिकट में करीब 250 रुपये तक की कमी हो सकती है। यानी अब यात्री अपनी जरूरत के हिसाब से टिकट चुन सकेंगे और गैर-जरूरी सुविधाओं के लिए अतिरिक्त पैसा नहीं देना पड़ेगा।
लगातार बढ़ती कीमतों से यात्री परेशान
दरअसल, एअर इंडिया पर बढ़ती लागत का दबाव लगातार बढ़ रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल, एविएशन टर्बाइन फ्यूल की महंगाई और रुपये की कमजोरी ने एयरलाइंस कंपनियों के खर्च को काफी बढ़ा दिया है। ऐसे में कंपनियां किराया बहुत ज्यादा बढ़ाए बिना खर्च कम करने के नए रास्ते खोज रही हैं।
खाना के साथ लाउंज सुविधा भी हो सकती है अलग
केवल खाना ही नहीं, बिजनेस क्लास यात्रियों के लिए एयरपोर्ट लाउंज सुविधा भी भविष्य में अलग की जा सकती है। यानी अगर कोई यात्री लाउंज का इस्तेमाल नहीं करता, तो उसे कम कीमत पर टिकट मिल सकता है। यह खासकर उन बिजनेस यात्रियों के लिए राहतभरा हो सकता है जो समय की कमी के कारण लाउंज में रुकते ही नहीं।
आज बड़े एयरपोर्ट्स पर लाउंज सुविधा का खर्च काफी ज्यादा होता है। ऐसे में इस सुविधा को अलग करने से यात्रियों को अपनी जरूरत के अनुसार खर्च नियंत्रित करने का मौका मिल सकता है।