जरूर पढ़ें

LPG Price Hike: मई की शुरुआत में बड़ा झटका! गैस सिलेंडर के दाम में जबरदस्त बढ़ोतरी

LPG Price Hike: मई की शुरुआत में बड़ा झटका! गैस सिलेंडर के दाम में जबरदस्त बढ़ोतरी
LPG Price Hike: मई की शुरुआत में बड़ा झटका! गैस सिलेंडर के दाम में जबरदस्त बढ़ोतरी

1 मई से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और फूड कारोबारियों पर सीधा असर पड़ेगा। दिल्ली समेत कई महानगरों में दाम करीब ₹993 तक बढ़े हैं। हालांकि घरेलू सिलेंडर उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है क्योंकि घरेलू रेट स्थिर हैं।

Updated:

LPG Price Hike: मई महीने की शुरुआत आम लोगों और खासकर कारोबारियों के लिए बड़ा झटका लेकर आई है। 1 मई से देशभर में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। इंडियन ऑयल द्वारा जारी नए रेट के अनुसार राजधानी दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर ₹993 महंगा हो गया है। इस बढ़ोतरी के बाद अब दिल्ली में 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत ₹2078.50 से बढ़कर ₹3071.50 पहुंच गई है।

महानगरों में गैस सिलेंडर की कीमत

सिर्फ दिल्ली ही नहीं, देश के अन्य महानगरों में भी कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ा उछाल देखा गया है। मुंबई में इसकी कीमत ₹993 बढ़कर ₹3024 हो गई है। वहीं कोलकाता में ₹998.5 की बढ़ोतरी के साथ कमर्शियल सिलेंडर ₹3206.50 पर पहुंच गया है। चेन्नई में भी उपभोक्ताओं को अब ₹3237 चुकाने होंगे, जहां कीमत में ₹990.50 की बढ़ोतरी हुई है।

बाहर खाना-पीना पड़ेगा महंगा

इस अचानक हुई भारी बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, मिठाई दुकान, कैटरिंग और छोटे फूड कारोबारियों पर पड़ सकता है। क्योंकि कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से इन्हीं सेक्टरों में होता है। ऐसे में कारोबारियों की लागत बढ़ेगी और आने वाले दिनों में बाहर खाना-पीना आम लोगों के लिए महंगा पड़ सकता है। शादी-ब्याह के सीजन में यह फैसला खास तौर पर उन परिवारों और आयोजकों के लिए चिंता बढ़ाने वाला है, जो बड़े स्तर पर खानपान की व्यवस्था करते हैं।

घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर

हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर ₹913, मुंबई में ₹912.50, कोलकाता में ₹939 और चेन्नई में ₹928.50 पर ही स्थिर बना हुआ है।

Rashtra Bharat
Rashtra Bharat पर पढ़ें ताज़ा खेल, राजनीति, विश्व, मनोरंजन, धर्म और बिज़नेस की अपडेटेड हिंदी खबरें।

Dipali Kumari

दीपाली कुमारी पिछले तीन वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में कार्यरत हैं। उन्होंने रांची के गोस्सनर कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। सामाजिक सरोकारों, जन-जागरूकता और जमीनी मुद्दों पर लिखने में उनकी विशेष रुचि है। आम लोगों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाना और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों को धारदार लेखन के माध्यम से सामने लाना उनका प्रमुख लक्ष्य है।