जरूर पढ़ें

वकील की पोशाक में कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंचीं ममता बनर्जी, चुनाव बाद हिंसा मामले में खुद रखीं दलीलें

वकील की पोशाक में कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंचीं ममता बनर्जी
वकील की पोशाक में कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंचीं ममता बनर्जी (Pic Credit- X @AITCofficial)

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी वकील की पोशाक पहनकर कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंचीं। उन्होंने चुनाव बाद हुई हिंसा से जुड़े मामले में अपनी दलीलें रखीं। टीएमसी ने इसे न्याय और संवैधानिक मूल्यों की लड़ाई बताया, जबकि राज्य की राजनीति में इसे बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

Updated:

Mamta Banerjee: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज गुरुवार को एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी वकील की पोशाक पहनकर सीधे कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंचीं। कोर्ट परिसर में ममता बनर्जी का यह अंदाज देखते ही हर किसी की नजर उन्हीं पर टिक गई।

दरअसल, हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद राज्य के कई इलाकों से हिंसा और राजनीतिक झड़पों की खबरें सामने आई थीं। इसी मामले को लेकर टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी के बेटे शीर्षान्य बंदोपाध्याय ने कलकत्ता हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। याचिका में आरोप लगाया गया कि चुनाव के बाद कई जगहों पर पार्टी कार्यालयों पर हमला हुआ, कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया और कई लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े। यह मामला मुख्य न्यायाधीश की डिवीजन बेंच के सामने सुनवाई के लिए सूचीबद्ध था।

TMC ने शेयर किया वीडियो

तृणमूल कांग्रेस ने भी इस पूरे घटनाक्रम को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। पार्टी ने ममता बनर्जी का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि वे बंगाल में चुनाव बाद हुई हिंसा और लोगों के साथ हुए अन्याय के खिलाफ खुद अदालत में अपनी बात रखने पहुंची हैं।

टीएमसी ने अपने पोस्ट में ममता बनर्जी की तारीफ करते हुए कहा कि वह हमेशा बंगाल की जनता के साथ खड़ी रहती हैं और न्याय तथा संवैधानिक मूल्यों की लड़ाई लड़ती हैं। पार्टी ने बीजेपी पर भी हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि चुनाव के बाद राज्य में हिंसा का माहौल बनाया गया।

ममता बनर्जी को चुनाव में मिली हार

गौरतलब है कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बीजेपी ने बड़ी जीत हासिल की और पहली बार पश्चिम बंगाल की सत्ता पर कब्जा किया। वहीं तृणमूल कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। ममता बनर्जी भी भवानीपुर सीट से चुनाव हार गईं।

Rashtra Bharat
Rashtra Bharat पर पढ़ें ताज़ा खेल, राजनीति, विश्व, मनोरंजन, धर्म और बिज़नेस की अपडेटेड हिंदी खबरें।

Dipali Kumari

दीपाली कुमारी पिछले तीन वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में कार्यरत हैं। उन्होंने रांची के गोस्सनर कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। सामाजिक सरोकारों, जन-जागरूकता और जमीनी मुद्दों पर लिखने में उनकी विशेष रुचि है। आम लोगों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाना और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों को धारदार लेखन के माध्यम से सामने लाना उनका प्रमुख लक्ष्य है।