Kolkata Bulldozer Action: कोलकाता में एक दर्दनाक हादसे के बाद अब प्रशासन पूरी तरह एक्शन में नजर आ रहा है। तिलजला इलाके में चमड़ा कारखाने में लगी भीषण आग में दो मजदूरों की मौत के बाद सरकार ने अवैध इमारतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के आदेश के कुछ ही घंटों के भीतर इलाके में बुलडोजर पहुंच गया और अवैध निर्माण तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया।
अवैध बिल्डिंग में चल रहा था कारखाना
मंगलवार को तिलजला रोड स्थित एक चार मंजिला इमारत में बने चमड़ा कारखाने के स्टोर रूम में अचानक आग लग गई थी। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां काम कर रहे दो मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सरकार ने तुरंत मामले की जांच कराई। जांच में पता चला कि जिस इमारत में आग लगी थी, वह पूरी तरह अवैध थी। बिल्डिंग का कोई वैध नक्शा नहीं था और सबसे बड़ी बात यह कि वहां आग से बचाव के जरूरी इंतजाम भी नहीं थे।
कल देर शाम चला बुलडोजर
रिपोर्ट सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अवैध निर्माण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद बुधवार शाम को केएमसी और केएमडीए की टीम भारी पुलिस बल के साथ तिलजला पहुंची और बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी।
#Watch: Bulldozer action begins in #Kolkata. #WestBengal Govt begins demolition of the illegal building in Tiljala area where a fire broke out yesterday killing two people. pic.twitter.com/0XJ7MibCWi
— Pooja Mehta (@pooja_news) May 13, 2026
भारी सुरक्षा के बीच बुलडोज़र एक्शन
कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया गया। रैफ और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान भी मौके पर तैनात रहे। कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तुरंत स्थिति संभाल ली। देर रात तक बुलडोजर अवैध हिस्सों को तोड़ता रहा।
सरकार की इस कार्रवाई से माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कोलकाता के दूसरे इलाकों में भी अवैध इमारतों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई हो सकती है।