विषयसूची
ToggleMock Drill in Bihar: बिहार के कई जिलों में आज गुरुवार की शाम एक अलग ही नजारा देखने को मिलेगा। शाम ठीक 7 बजे सायरन बजेगा और उसके बाद कुछ देर के लिए पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाएगा। पटना समेत राज्य के 6 जिलों में ब्लैकआउट एंड एयर रेड मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। इसका मकसद किसी आपात स्थिति या हवाई हमले जैसी परिस्थिति में लोगों और प्रशासन की तैयारी को परखना है।
यह मॉक ड्रिल पटना, अररिया, बेगूसराय, किशनगंज, कटिहार और पूर्णिया में आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि शाम 7 बजे से 7:15 बजे तक अपने घरों, दुकानों और कार्यालयों की सभी लाइटें बंद रखें। इस दौरान कई इलाकों में बिजली सप्लाई भी बंद रखी जाएगी।
15 मिनट के लिए छाएगा अंधेरा
पटना जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि यह सिर्फ एक अभ्यास है, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। जैसे ही सायरन बजेगा, पटना नगर निगम क्षेत्र के साथ दानापुर, खगौल और फुलवारीशरीफ में भी ब्लैकआउट लागू हो जाएगा। 15 मिनट तक शहर की सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही सीमित रहेगी और कई जगहों पर वाहनों की हेडलाइट भी बंद कराई जाएगी।
सभी जिलों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
इस मॉक ड्रिल को सफल बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पटना के एसएसपी और आईजी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने इलाकों में मुस्तैद रहने का निर्देश दिया है। ट्रैफिक पुलिस को भी खास जिम्मेदारी दी गई है ताकि इस दौरान लोगों को ज्यादा परेशानी न हो।
अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी जारी
अररिया में डीएम और एसपी ने संयुक्त आदेश जारी कर कहा है कि ब्लैकआउट के दौरान सभी शहरी इलाकों में पूरी तरह अंधेरा रखा जाएगा। अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी, लेकिन वहां की खिड़कियों को काले पर्दों से ढंका जाएगा ताकि बाहर रोशनी न दिखाई दे।
महात्मा गांधी सेतु पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती
महात्मा गांधी सेतु पर भी प्रशासन की खास नजर रहेगी। बताया जा रहा है कि हर मिनट बड़ी संख्या में वाहन पुल से गुजरते हैं। ऐसे में 15 मिनट तक ट्रैफिक रोकने से लंबी कतार लग सकती है। इसे देखते हुए वहां अतिरिक्त पुलिस बल और अधिकारियों की तैनाती की गई है।
प्रशासन का कहना है कि इस तरह की मॉक ड्रिल लोगों को आपदा और आपात स्थिति के दौरान सुरक्षित रहने के लिए तैयार करती है। इसलिए लोगों से अपील की गई है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और निर्धारित समय पर सभी लाइटें बंद रखें।