Nitish Kumar: बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास 1 अणे मार्ग खाली कर दिया और अपने पसंदीदा 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास में शिफ्ट हो गए। आज सुबह से ही शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। ट्रैक्टर और अन्य वाहनों के जरिए प्लास्टिक कुर्सियां, किताबें, बुक शेल्फ, अलमारी, फाइलें और गमले जैसे जरूरी सामान नए आवास तक पहुंचाए गए। दोपहर में नीतीश कुमार स्वयं भी नए घर पहुंचे। नए आवास को खास तौर पर फूलों से सजाया गया था और वहां बौद्ध भिक्षुओं द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
VIDEO | Patna: Belongings of former Bihar Chief Minister Nitish Kumar have been shifted from the official residence at 1 Anne Marg to 7 Circular Road in the state capital.
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/jiNMvu6zD0
— Press Trust of India (@PTI_News) May 1, 2026
पहले भी इस आवास में रह चुके हैं नीतीश कुमार
7 सर्कुलर रोड का यह बंगला नीतीश कुमार के लिए नया नहीं है। बताया जाता है कि यह उनका पसंदीदा आवास रहा है। वे पहले भी यहां रह चुके हैं और कई बार इस बंगले का निरीक्षण करते रहे हैं। 2014 में लोकसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के दौरान जब जीतन राम मांझी को सत्ता सौंपी गई थी, तब भी नीतीश कुमार करीब आठ महीने तक इसी आवास में रहे थे। मांझी सरकार के बाद दोबारा सत्ता में लौटने पर वे फिर 1 अणे मार्ग चले गए थे।
लालू यादव के पड़ोसी बने नीतीश कुमार
करीब 20 वर्षों में यह दूसरी बार है जब नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री आवास छोड़ा है। ऐसे में इस फैसले को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। खास बात यह भी है कि उनका नया ठिकाना 7 सर्कुलर रोड, लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास से महज 200 मीटर की दूरी पर है। ऐसे में इस नजदीकी को लेकर भी कई तरह के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।