Patna Zoo: बिहार कैबिनेट की बैठक में कल बुधवार को लिया गया एक बड़ा निर्णय अब चर्चा का विषय बन गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बिहार कैबिनेट बैठक में राज्य के दो प्रमुख संस्थानों से दिवंगत कांग्रेस नेता संजय गांधी का नाम हटाने का फैसला किया गया। इस निर्णय के बाद राजधानी पटना के प्रसिद्ध संजय गांधी जैविक उद्यान की आधिकारिक पहचान बदल जाएगी साथ ही डेयरी शिक्षा के अहम संस्थान का नाम भी नया रूप लेगा।
अब “पटना जू” के नाम से जाना जाएगा चिड़ियाघर
कैबिनेट के फैसले के अनुसार अब “संजय गांधी जैविक उद्यान” को आधिकारिक रूप से “पटना जू” के नाम से जाना जाएगा। हालांकि आम लोगों की जुबान पर यह जगह पहले से ही पटना चिड़ियाखाना या पटना जू के नाम से मशहूर रही है, लेकिन सरकारी दस्तावेजों और प्रशासनिक संरचना में संजय गांधी का नाम जुड़ा हुआ था। अब वन एवं पर्यावरण विभाग के अंतर्गत संचालित समिति का नाम भी बदलकर “पटना जू प्रबंधन एवं विकास सोसाइटी” कर दिया गया है।
“संजय गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ डेयरी टेक्नोलॉजी” का भी नाम बदला
इसी तरह डेयरी, मत्स्य और पशु संसाधन विभाग के तहत संचालित “संजय गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ डेयरी टेक्नोलॉजी” का नाम बदलकर “बिहार स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ डेयरी टेक्नोलॉजी, पटना” कर दिया गया है। यह संस्थान बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित होता है और यहां डेयरी टेक्नोलॉजी, डेयरी इंजीनियरिंग, डेयरी केमिस्ट्री, डेयरी माइक्रोबायोलॉजी और डेयरी बिजनेस मैनेजमेंट जैसे पेशेवर कोर्स कराए जाते हैं। इस फैसले का असर हजारों छात्रों और संस्थान की नई प्रशासनिक पहचान पर पड़ेगा।
देश के प्रमुख चिड़ियाघरों में शामिल है पटना जू
पटना जू की बात करें तो इसकी शुरुआत 1969 में हुई थी, जब तत्कालीन राज्यपाल नित्यानंद कानूनगो ने राजभवन की 34 एकड़ जमीन वनस्पति उद्यान के लिए दी थी। बाद में 1972 में इसमें और जमीन जोड़कर इसे जैविक उद्यान का स्वरूप दिया गया और 1973 में इसे आम लोगों के लिए खोल दिया गया। आज यह बिहार ही नहीं, देश के प्रमुख चिड़ियाघरों में गिना जाता है, जहां 110 प्रजातियों के करीब 800 जीव-जंतु और सैकड़ों दुर्लभ पेड़-पौधे मौजूद हैं।
वहीं डेयरी संस्थान की स्थापना 1980 में कांग्रेस शासनकाल के दौरान हुई थी और यह बिहार में डेयरी शिक्षा का प्रमुख केंद्र माना जाता है।