NEET UG 2026: देशभर में लाखों छात्र जिस परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं, वह अब बेहद करीब है। NEET UG 2026 की परीक्षा 3 मई को आयोजित होने जा रही है। मेडिकल कॉलेज में दाखिले का सपना देख रहे छात्रों के लिए यह दिन बेहद अहम है। ऐसे में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि परीक्षा केंद्र पर किसी तरह की परेशानी न हो।
सिंपल कपड़ों में ही मिलेगा प्रवेश
इस बार NTA ने खासतौर पर ड्रेस कोड और परीक्षा केंद्र पर ले जाने वाली चीजों को लेकर साफ निर्देश दिए हैं। एजेंसी ने कहा है कि सभी छात्र-छात्राओं को बहुत ही सिंपल और हल्के कपड़े पहनकर परीक्षा देने पहुंचना होगा। फुल स्लीव कपड़े या ऊनी कपड़े पहनने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि अगर किसी विशेष परिस्थिति या धार्मिक कारण से ऐसा जरूरी हो, तो पहले से इसकी जानकारी देनी होगी।
हील वाली सैंडल, झुमके और अंगूठी पर प्रतिबंध
सबसे जरूरी बात यह है कि परीक्षा केंद्र पर किसी भी तरह के भारी आभूषण, जैसे चेन, अंगूठी, ईयररिंग या अन्य एक्सेसरीज पहनकर न जाएं। इससे एंट्री में दिक्कत हो सकती है। पैरों में सिर्फ चप्पल या कम हील वाली सैंडल पहनने की अनुमति है। जूते या मोटे सोल वाले फुटवियर पूरी तरह बैन रहेंगे।
ट्रांसपेरेंट पानी की बोतल ले जाने की अनुमति
NTA ने राहत देते हुए कहा है कि छात्र अपने साथ ट्रांसपेरेंट पानी की बोतल ले जा सकते हैं। साथ ही एडमिट कार्ड और जरूरी दस्तावेज जरूर रखें। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर या किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह मना है।
एजेंसी ने यह भी कहा है कि परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचना बेहद जरूरी है। देर से पहुंचने वाले छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसलिए घर से निकलने से पहले एडमिट कार्ड, फोटो आईडी और जरूरी स्टेशनरी जरूर चेक कर लें।
पगड़ी या हिजाब वाले अभ्यर्थी पहले पहुंचे सेंटर
धार्मिक परिधान जैसे पगड़ी या हिजाब की अनुमति रहेगी, लेकिन इसके लिए अतिरिक्त जांच प्रक्रिया हो सकती है। ऐसे में ऐसे अभ्यर्थियों को और पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।