जरूर पढ़ें

14 मई को बिहार में बजेगा सायरन, सभी को बंद करनी होगी लाइट और दुकान, 15 मिनट के लिए होगा ब्लैक आउट; जानिए क्यों

14 मई को बिहार में बजेगा सायरन, सभी को बंद करनी होगी लाइट और दुकान, 15 मिनट के लिए होगा ब्लैक आउट
14 मई को बिहार में बजेगा सायरन, सभी को बंद करनी होगी लाइट और दुकान, 15 मिनट के लिए होगा ब्लैक आउट (Pic Credit- AIR)

14 मई को पटना समेत बिहार के कई जिलों में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल आयोजित होगी। शाम 7 बजे सायरन बजने के बाद 15 मिनट तक ब्लैक आउट रखा जाएगा। लोगों से घरों और दुकानों की लाइट बंद रखने की अपील की गई है। प्रशासन ने इसे सिर्फ सुरक्षा अभ्यास बताया है।

Updated:
Mock Drill in Bihar: 14 मई यानि गुरुवार की शाम बिहार के कई जिलों में लोगों को कुछ अलग माहौल देखने को मिलेगा। राजधानी पटना समेत बेगूसराय, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज में शाम होते ही सायरन बजेंगे और लोगों से कुछ समय के लिए घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की लाइट बंद रखने की अपील की जाएगी। हालांकि प्रशासन ने साफ किया है कि घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह किसी खतरे की चेतावनी नहीं बल्कि एक सुरक्षा अभ्यास यानी सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल है।

पटना जिला प्रशासन के अनुसार यह विशेष अभ्यास 14 मई को शाम 7 बजे से 7 बजकर 15 मिनट तक चलेगा। इस दौरान पूरे इलाके में ब्लैक आउट जैसी स्थिति बनाई जाएगी ताकि लोगों को यह समझाया जा सके कि किसी आपात स्थिति में कैसे सतर्क रहना है और खुद को सुरक्षित रखना है।

क्यों किया जा रहा है मॉक ड्रिल?

दरअसल, इस मॉक ड्रिल का मकसद लोगों को हवाई हमले, बड़ी आपदा या किसी इमरजेंसी जैसी स्थिति के दौरान जरूरी सावधानियों के बारे में जागरूक करना है। सायरन बजते ही लोगों को अपनी लाइट बंद करनी होगी और प्रशासन के निर्देशों का पालन करना होगा। इससे यह जांचने में भी मदद मिलेगी कि आपदा की स्थिति में प्रशासन और आम लोग कितनी तेजी और समझदारी से प्रतिक्रिया दे सकते हैं।

जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से चलेगी

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तय समय पर सहयोग करें और इसे केवल एक अभ्यास के रूप में लें। अधिकारियों का कहना है कि कुछ देर के लिए इलाके में अंधेरा जरूर रहेगा, लेकिन जरूरी सेवाएं पहले की तरह सामान्य रूप से चलती रहेंगी। अस्पताल, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य इमरजेंसी सेवाओं पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।

अफवाहों से बचने की अपील

पटना के डीएमत्यागराजन एस.एम. ने लोगों से अफवाहों से बचने की भी अपील की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर किसी तरह की गलत जानकारी फैलाने से बचें और बिना घबराए प्रशासन का सहयोग करें।

मॉक ड्रिल के दौरान जिला प्रशासन का कंट्रोल रूम भी पूरी तरह सक्रिय रहेगा। किसी भी जानकारी या मदद के लिए 0612-2210118 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस तरह के अभ्यास लोगों की सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के लिए जरूरी होते हैं, ताकि किसी भी मुश्किल परिस्थिति में नुकसान को कम किया जा सके।

Rashtra Bharat
Rashtra Bharat पर पढ़ें ताज़ा खेल, राजनीति, विश्व, मनोरंजन, धर्म और बिज़नेस की अपडेटेड हिंदी खबरें।

Dipali Kumari

दीपाली कुमारी पिछले तीन वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में कार्यरत हैं। उन्होंने रांची के गोस्सनर कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। सामाजिक सरोकारों, जन-जागरूकता और जमीनी मुद्दों पर लिखने में उनकी विशेष रुचि है। आम लोगों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाना और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों को धारदार लेखन के माध्यम से सामने लाना उनका प्रमुख लक्ष्य है।