Assam News: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने असम के श्रीभूमि शहर की हालत बेहद खराब कर दी है। शहर के कई इलाकों में पानी भर गया है और हालात किसी बाढ़ जैसे बन गए हैं। सड़कें पानी में डूबी हुई हैं, लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आ रहा है। इसी बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
जानकारी के अनुसार, श्रीभूमि शहर के थाना रोड इलाके में एक व्यक्ति साइकिल लेकर जा रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिर गया। व्यक्ति को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह करंट की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
कई जगह राहत और बचाव कार्य जारी
बारिश की वजह से सिर्फ शहर ही नहीं, जिले के कई अन्य इलाके भी जलमग्न हो चुके हैं। कई जगहों पर घरों में पानी घुस गया है और लोग फंसे हुए हैं। ऐसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए SDRF की टीम लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश और खराब बिजली व्यवस्था ने खतरा और बढ़ा दिया है। लोगों ने प्रशासन से जल्द राहत पहुंचाने और खुले बिजली तारों की जांच कराने की मांग की है ताकि आगे इस तरह के हादसे दोबारा न हों।