Himanta Biswa Sarma: असम में एक बार फिर भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की वापसी हो गई है। हिमंत बिस्वा सरमा ने लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर नया इतिहास रच दिया। गुवाहाटी में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।
समारोह में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का परिवार भी शामिल हुआ। उनकी बेटी सुकन्या सरमा ने खुशी जताते हुए कहा कि यह उनके परिवार के लिए बेहद खास पल है। वहीं उनकी पत्नी रिनिकी भुयान ने भी इसे गर्व और खुशी का क्षण बताया। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान समर्थकों में भी भारी उत्साह देखने को मिला।
चार मंत्रियों ने ली शपथ
मुख्यमंत्री के साथ चार मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें बीजेपी विधायक अजंता नियोग और रामेश्वर तेली, असम गण परिषद यानी AGP के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट यानी BPF के चरण बोरो शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी नेताओं को बधाई दी और नई सरकार को शुभकामनाएं दीं।
शपथ ग्रहण समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी पहुंचे। इस मौके पर असम की राजनीति में भाजपा की मजबूत वापसी की चर्चा सबसे ज्यादा रही।
भाजपा को 82 सीटों पर मिली जीत
अगर असम विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों की बात करें तो भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 126 में से 82 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं उसकी सहयोगी पार्टी AGP को 10 और BPF को 10 सीटें मिलीं। इस तरह एनडीए गठबंधन ने कुल 102 सीटों के साथ बड़ी जीत हासिल की। दूसरी ओर कांग्रेस को 19 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा।