NEET UG 2026 Exam Cancelled: देशभर के लाखों मेडिकल छात्रों के लिए एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। NTA ने 3 मई 2026 को हुई NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। भारत सरकार की मंजूरी के बाद यह बड़ा कदम उठाया गया है। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, हालांकि नई तारीखों का ऐलान बाद में किया जायेगा।
NTA ने एक आधिकारिक नोटिस जारी कर बताया कि परीक्षा प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। एजेंसी के मुताबिक, 8 मई को ही पूरे मामले को जांच के लिए केंद्रीय एजेंसियों के पास भेज दिया गया था। जांच में मिले इनपुट और रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया।
In continuation of its press release dated 10 May 2026, the National Testing Agency wishes to inform candidates, parents, and members of the public of the following decisions taken in respect of NEET (UG) 2026. NTA had, on 8 May 2026, referred the matters then under consideration…
— National Testing Agency (@NTA_Exams) May 12, 2026
पेपर लीक और गड़बड़ी की खबरों के बाद परीक्षा रद्द
दरअसल, परीक्षा के बाद पेपर लीक और गड़बड़ी की खबरें सामने आई थीं। जांच के दौरान राजस्थान में NEET UG से जुड़ा एक कथित “गेस पेपर” मिला। राजस्थान SOG की जांच में कई छात्रों के मोबाइल फोन से करीब 410 सवालों वाला PDF बरामद हुआ। दावा किया गया कि इनमें से लगभग 120 सवाल सीधे केमिस्ट्री सेक्शन में पूछे गए थे।
जांच एजेंसियों के अनुसार यह PDF परीक्षा से करीब एक महीने पहले ही कुछ छात्रों तक WhatsApp के जरिए पहुंच चुका था। इसी खुलासे के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होने लगे।
CBI करेगी मामले की जांच
अब इस पूरे मामले की जांच CBI करेगी। केंद्र सरकार ने केस को CBI को सौंप दिया है। NTA ने कहा है कि वह जांच एजेंसी को हर जरूरी दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराएगी।
दोबारा परीक्षा के लिए नया रजिस्ट्रेशन की जरुरत नहीं
हालांकि छात्रों को थोड़ी राहत देते हुए NTA ने साफ किया है कि दोबारा परीक्षा के लिए नया रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा। पहले से किया गया आवेदन, परीक्षा केंद्र और बाकी जानकारी मान्य रहेगी। इसके अलावा छात्रों से कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया जायेगा।
NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें। किसी भी आधिकारिक जानकारी के लिए केवल NEET की ऑफिशियल वेबसाइट और हेल्पलाइन नंबर का ही इस्तेमाल करें।
करीब 22.79 लाख छात्रों ने कराया था रजिस्ट्रेशन
बता दें कि NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए करीब 22.79 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। अब सभी छात्रों की नजर NTA की अगली घोषणा पर टिकी हुई है।